UP News: बेमौसम बारिश से फसल नुकसान पर सीएम योगी सख्त, तत्काल मुआवजा देने के निर्देश

UP News: उत्तर प्रदेश में अतिवृष्टि और अर्नब तूफान के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि क्षति का आकलन पूरा होते ही प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। राहत वितरण में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुआवजे के निर्धारित दायरे से अधिक नुकसान पर भी मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यदि किसी किसान की फसल को निर्धारित मुआवजा सीमा से अधिक क्षति पहुंची है, तो ऐसे मामलों में भी राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि फील्ड में तैनात अधिकारी नुकसान की वास्तविक स्थिति का आकलन कर उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दें, ताकि प्रभावित किसानों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायता मिल सके।

प्रभावित किसानों तक राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

सीएम योगी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की मदद के लिए अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करें। सरकार इस मुश्किल समय में किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें आर्थिक संकट से उबारने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि फसल क्षति के सर्वे से लेकर मुआवजा वितरण तक की पूरी प्रक्रिया तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरी हो। कोई भी पात्र किसान सरकारी राहत से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित किसानों की शिकायतों और समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *