Ukraine: अमेरिका ने यूक्रेन की वायु रक्षा क्षमता मजबूत करने के लिए 500 पीएसी-3 पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की प्रस्तावित बिक्री को मंजूरी दे दी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिकी फैसले का स्वागत किया। हालांकि, उन्होंने सहयोगी देशों से आग्रह किया कि वे आगामी सर्दियों में रूसी हमलों से देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने मौजूदा हथियार भंडार से तत्काल मिसाइलें उपलब्ध कराएं।
जेलेंस्की ने आगाह किया कि अमेरिका से मंजूर इस खरीद के तहत मिसाइलों की आपूर्ति में कई साल का समय लग सकता है। ऐसे में यूक्रेन को फिलहाल अपनी रक्षा के लिए अतिरिक्त हथियारों की जरूरत है।
यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों पर रूस के लगातार हमले
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि रूसी सेना लगातार यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर के अंतिम दो हफ्तों के दौरान ही देश के बिजली ग्रिड के महत्वपूर्ण हिस्सों पर रूस ने 30 से अधिक हमले किए हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति के मुताबिक, सर्दियों के मौसम में ऊर्जा बुनियादी ढांचे की सुरक्षा देश के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसलिए सहयोगी देशों से समय रहते सैन्य सहायता मिलना बेहद जरूरी है।
2.1 अरब डॉलर की बिक्री को अमेरिकी मंजूरी
ट्रंप प्रशासन ने पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के लिए इंटरसेप्टर मिसाइलों की करीब 2.1 अरब डॉलर की प्रस्तावित बिक्री को हरी झंडी दी। इससे पहले यूक्रेन ने पेंटागन पर आरोप लगाया था कि वह रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने में सक्षम इन महत्वपूर्ण हथियारों की आपूर्ति में देरी कर रहा है। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, यूक्रेन के लिए 500 पैट्रियट मिसाइलों की खरीद एक अमेरिकी कार्यक्रम के तहत की जाएगी। इसके लिए कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे आर्थिक सहायता देंगे। इस सौदे में अमेरिका को अपने सरकारी फंड का इस्तेमाल नहीं करना होगा।
सर्दियों से पहले सुरक्षा मजबूत करने की चुनौती
यूक्रेन के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती रूसी हमलों के बीच अपने ऊर्जा संयंत्रों और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित रखना है। जेलेंस्की चाहते हैं कि लंबी अवधि की खरीद प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार किए बिना सहयोगी देश अपने भंडार से जरूरी मिसाइलें उपलब्ध कराएं, ताकि सर्दियों के दौरान यूक्रेन की वायु रक्षा कमजोर न पड़े।