CM Yogi: लौह पुरुष और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने पात्र लोगों को ऋण स्वीकृति के चेक, रोजगार से जुड़े ऑफर लेटर और कामकाज के लिए टूलकिट सौंपी। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान और सरकारी सहायता मिलने से लाभार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने योगी सरकार की योजनाओं, रोजगार के अवसरों, पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था और बेहतर कानून-व्यवस्था की सराहना की। कई लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं ने उनके रोजगार और कारोबार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीएम के हाथों जॉब ऑफर लेटर पाकर युवाओं के खिले चेहरे
लखीमपुर खीरी की नेहा यादव को हरियाणा की एक प्लास्टिक प्रोसेसिंग इंजीनियरिंग कंपनी में नौकरी का प्रस्ताव मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री के हाथों ऑफर लेटर प्राप्त करने को अपने लिए खुशी का बड़ा अवसर बताया, वहीं हरदोई की आकांक्षा तिवारी ने CIPET लखनऊ से प्रशिक्षण हासिल किया और अब उन्हें हरियाणा की एक कंपनी में नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मुख्यमंत्री स्वयं उन्हें जॉब ऑफर लेटर देंगे। इसे उन्होंने अपने जीवन की पहली बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया। सीतापुर के विनय कुमार वर्मा ने भी बताया कि चार महीने का मुफ्त प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें रोजगार का अवसर मिला है।
माफिया के डर से मुक्त माहौल में कारोबारियों को मिल रहा बढ़ावा
सुल्तानपुर के अजीत साहू को एमएसएमई योजना के अंतर्गत राइस मिल निर्माण से जुड़े कारोबार के विस्तार के लिए 20 लाख रुपये का चेक दिया गया। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता से उनकी व्यावसायिक इकाई को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने पुराने दौर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले कारोबारियों को माफिया की ओर से धमकियां और पैसों की मांग का सामना करना पड़ता था, जबकि मौजूदा सरकार में कानून-व्यवस्था में सुधार से व्यापार के लिए अनुकूल माहौल बना है। लखनऊ के अमन अग्रवाल, जो कृष्णा मेटल इंडस्ट्रीज लिमिटेड में पार्टनर हैं, को एल्युमिनियम के बर्तन बनाने के कारोबार के लिए पांच लाख रुपये की सहायता मिली। उन्होंने सरकारी प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि आवेदन के बाद राशि सीधे बैंक खाते में पहुंची। उनके मुताबिक, सरकार उद्यमियों को कारोबार शुरू करने और उसका विस्तार करने में सहयोग दे रही है।
टूलकिट और सिलाई मशीन से महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का सहारा
रायबरेली के दिलीप कुमार को फर्नीचर निर्माण के काम के लिए टूलकिट प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब 12 साल से इस व्यवसाय से जुड़े हैं। प्रशिक्षण के बाद मिली इस किट से उन्हें अपने काम का दायरा बढ़ाने में मदद मिलेगी, बाराबंकी की संगीता को सिलाई मशीन की किट मिली। उन्होंने बताया कि वह पहले से ही दो से चार महिलाओं को काम दे रही हैं। नई मशीन मिलने से उनका काम बढ़ेगा और वह अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़ सकेंगी।
इसी तरह लखनऊ की अंजली गुप्ता को बूटिंग के काम के लिए पांच लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री के हाथों आर्थिक सहायता मिलने पर खुशी जताई। साथ ही कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल और आगे बढ़ने के बढ़ते अवसर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। कार्यक्रम में लाभार्थियों के अनुभवों से रोजगार सृजन, स्वरोजगार, महिला सशक्तीकरण और छोटे उद्यमों को प्रोत्साहन देने वाली सरकारी योजनाओं के प्रभाव की झलक देखने को मिली।