CM Yogi: भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को पूरे उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय एकता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ‘रन फॉर यूनिटी’, प्रभात फेरी, एकता की शपथ, भाषण प्रतियोगिताओं और विचार गोष्ठियों समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
लखनऊ से लेकर गाजियाबाद, गोरखपुर, महराजगंज, मुजफ्फरनगर, कौशाम्बी और मिर्जापुर तक सरकारी दफ्तरों, पुलिस थानों, रेलवे परिसरों और शिक्षण संस्थानों में सरदार पटेल को याद किया गया। इस दौरान लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
जनभवन से केडी सिंह स्टेडियम तक निकली एकता दौड़
राजधानी लखनऊ में जनभवन से केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
इसके अलावा गोमतीनगर के भागीदारी भवन में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य और समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने युवाओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि युवा देश के उज्ज्वल भविष्य और विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं से चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
सरकारी कार्यालयों से रेलवे परिसरों तक ली गई राष्ट्रीय एकता की शपथ
राष्ट्रीय एकता दिवस पर प्रदेश के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और पुलिस इकाइयों में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।
गाजियाबाद में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं महराजगंज के सभी पुलिस थानों और कौशाम्बी पुलिस इकाइयों में भी राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। गोरखपुर स्थित द्वितीय वाहिनी विशेष सुरक्षा बल में सेनानायक रवि शंकर निम (आईपीएस) ने जवानों और कर्मचारियों को ईमानदारी, निष्पक्षता तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की सेवा करने का संकल्प दिलाया।
मुजफ्फरनगर के जिला पंचायत सभागार और मंडलायुक्त कार्यालय में भी कार्यक्रम हुए। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान ने चारबाग रेलवे स्टेडियम में रेलकर्मियों को एकता की शपथ दिलाई। इसके बाद स्टेडियम से लखनऊ रेलवे स्टेशन तक एकता दौड़ निकाली गई। इसमें रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, आरपीएफ के जवान और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने भाग लिया।
स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी और प्रतियोगिताओं के जरिए दिया एकता का संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर प्रदेश के स्कूलों में भी विशेष आयोजन किए गए। विद्यार्थियों ने प्रभात फेरियों, भाषण प्रतियोगिताओं और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जाना। शिक्षकों और छात्रों ने देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा करने का संकल्प भी लिया।
मिर्जापुर स्थित सरदार जिला संप्रेक्षा गृह में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा विभिन्न जिलों में संगोष्ठियों और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से सरदार पटेल के विचारों और आदर्शों को लोगों तक पहुंचाया गया।
स्थानीय निकाय निदेशालय के नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान में भी सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। प्रदेशभर में प्रशासन, पुलिस, रेलवे, शैक्षणिक संस्थानों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।