Noida: 15 जून से उड़ान भरेगा जेवर एयरपोर्ट, NCR को मिलेगा ग्लोबल कनेक्टिविटी का नया द्वार

Noida: उत्तर भारत के एविएशन सेक्टर में 15 जून 2026 एक ऐतिहासिक दिन के रूप में दर्ज होने जा रहा है। लंबे इंतजार के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर से कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत होने जा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, पहली उड़ान इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित की जाएगी, जबकि आकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी जल्द अपनी सेवाएं शुरू करने की तैयारी में हैं। इस शुरुआत के साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा और पूरे NCR क्षेत्र को एक विश्वस्तरीय और अत्याधुनिक एयर कनेक्टिविटी का केंद्र मिल जाएगा।

यह एयरपोर्ट केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के नए युग का प्रतीक माना जा रहा है। अत्याधुनिक तकनीक से लैस और पर्यावरण के अनुकूल ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया गया यह प्रोजेक्ट भविष्य में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने की दिशा में अग्रसर है। इसके शुरू होने से दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर निर्भरता कम होगी और यात्रियों को लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी।

जेवर एयरपोर्ट का असर अब जमीन पर भी दिखाई देने लगा है। इसके चलते यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, रियल एस्टेट और रोजगार के अवसरों में तेजी आई है। यह क्षेत्र आने वाले समय में एक वैश्विक लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभर सकता है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।

सरकार की ‘गति शक्ति’ योजना और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ की सोच इस परियोजना में स्पष्ट रूप से झलकती है। मल्टीमोडल कनेक्टिविटी, तेज इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और पर्यावरण संतुलन के साथ इस प्रोजेक्ट को तैयार किया गया है।

15 जून को जब पहली उड़ान इस रनवे से आसमान में उठेगी, तो वह केवल एक विमान नहीं बल्कि नए भारत के सपनों, विकास और वैश्विक पहचान को भी उड़ान देगी। यह परियोजना दर्शाती है कि सरकार आम जनता की सुविधा, रोजगार और आर्थिक प्रगति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *