Amit Shah: अमित शाह ने की पूजा-अर्चना, एसआईआर के समर्थन में BJP की पदयात्रा में होंगे शामिल

Amit Shah:  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को हैदराबाद के प्रसिद्ध चारमीनार स्थित देवी भाग्यलक्ष्मी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में उनके साथ केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी और तेलंगाना बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव भी मौजूद रहे।

इससे पहले बेगमपेट हवाई अड्डे पर पहुंचने पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अमित शाह का स्वागत किया। शाह अपने हैदराबाद दौरे के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के समर्थन में आयोजित पदयात्रा में हिस्सा लेंगे।

बीजेपी की तेलंगाना इकाई ने यह कार्यक्रम एसआईआर को लेकर कांग्रेस पर कथित तौर पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाते हुए आयोजित किया है। माना जा रहा है कि इस दौरान अमित शाह रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली में बीजेपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों का भी जवाब दे सकते हैं।

तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव के मुताबिक, पदयात्रा बशीरबाग स्थित बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से शुरू होगी और मोजामजाही मार्केट तक पहुंचेगी। यहां अमित शाह जनसभा को संबोधित करेंगे।

राव ने बताया कि इस मार्च में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। वकील, डॉक्टर, बुद्धिजीवी, बीजेपी कार्यकर्ता और आम नागरिक भी पदयात्रा का हिस्सा बनेंगे।

गौरतलब है कि रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली के दौरान विपक्षी गठबंधन इंडिया ने ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए बीजेपी को सत्ता से हटाने की अपील की थी।

इस रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में ज्ञानेश कुमार को पद से हटाकर उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला चलाया जाएगा और उन्हें जेल भेजा जाएगा। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *