Stock Market: शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 1,233 अंक उछला; निफ्टी 23,400 के पार

Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे कारोबारी दिन खरीदारी का जोर देखने को मिला। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भारी उछाल ने बाजार को मजबूती दी। इसके चलते बीएसई सेंसेक्स 1,233 अंकों से अधिक चढ़कर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी ने 23,400 का स्तर पार कर लिया।

विदेशी निवेशकों की ओर से जारी खरीदारी और घरेलू अर्थव्यवस्था से जुड़े सकारात्मक आंकड़ों ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया।  कारोबार के अंत में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,233.25 अंक यानी 1.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,692.78 पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 387.70 अंक यानी 1.68 प्रतिशत उछलकर 23,440.80 के स्तर पर बंद हुआ।

रिलायंस के शेयरों में 11 फीसदी से ज्यादा की तेजी

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का प्रदर्शन सबसे मजबूत रहा। कंपनी के शेयर 11.64 प्रतिशत तक चढ़ गए। इसकी प्रमुख वजह जुलाई-सितंबर तिमाही के शानदार नतीजे रहे। शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान रिलायंस का मुनाफा सालाना आधार पर 33.8 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 29,550 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

रिलायंस के अलावा टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), एनटीपीसी और मारुति सुजुकी के शेयरों में भी अच्छी तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर, इन्फोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और सन फार्मा के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। बाजार के अन्य हिस्सों में भी खरीदारी का माहौल रहा। बीएसई मिडकैप सिलेक्ट इंडेक्स में 1.07 प्रतिशत और स्मॉलकैप सिलेक्ट इंडेक्स में 0.67 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

वैश्विक बाजारों और कच्चे तेल का असर

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि, जापान का निक्की गिरावट में रहा। यूरोपीय बाजारों में भी दोपहर के कारोबार के दौरान तेजी बनी हुई थी। इसके विपरीत, अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को भारी नुकसान के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 4.46 प्रतिशत गिरकर 108.7 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। कच्चे तेल के दाम में इस नरमी को भारतीय शेयर बाजार के लिए सकारात्मक माना गया। इसके अलावा, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में 3,598.54 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। इससे भी बाजार की धारणा को मजबूती मिली। गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र यानी शुक्रवार को सेंसेक्स 308.49 अंक और निफ्टी 116.35 अंक की बढ़त के साथ बंद हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *