Ayodhya: दीपोत्सव-2026 में तकनीक के रंगों से जगमगाएगी अयोध्या, 25 एलईडी वैन और 20 डिस्प्ले बोर्ड से होगा सीधा प्रसारण

Ayodhya:  अयोध्या में भव्य दीपोत्सव-2026 को यादगार बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रामनगरी को आधुनिक तकनीक और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों तक उत्सव की हर गतिविधि पहुंचाने के लिए शहर में 25 एलईडी वैन, 20 बड़े एलईडी डिस्प्ले बोर्ड और 13 प्रमुख मार्गों पर होर्डिंग व स्टैंडी लगाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए घाटों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और शहर के प्रवेश मार्गों को चिह्नित कर अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।

25 स्थानों पर एलईडी वैन के जरिए होगा प्रचार

दीपोत्सव से जुड़ी जानकारियां और कार्यक्रमों की झलक शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने के लिए 25 प्रमुख स्थानों पर एलईडी वैन तैनात की जाएंगी। इनमें सूर्यकुण्ड दर्शननगर, हनुमानगढ़ी रिकाबगंज, झूलेलाल मंदिर चौराहा, गुप्तार घाट एवं मंदिर, पूरा बाजार, रामघाट हाल्ट, गोसाईगंज बाजार, बस स्टेशन (सर्किट हाउस), अयोध्या कैंट और अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन शामिल हैं।

इसके अलावा मसौधा चीनी मिल, देवकाली, अंगूरी भवन, टेढ़ी बाजार, साकेत पेट्रोल पम्प, शहादतगंज हनुमान मंदिर तिराहा, दिगंबर अखाड़ा, लता मंगेशकर चौराहा, गुरुकुल पार्किंग और भरतकुण्ड सहित अन्य स्थानों पर भी एलईडी वैन के माध्यम से प्रचार किया जाएगा। इनके सुचारु संचालन के लिए वाहन संख्या और नोडल अधिकारियों के संपर्क विवरण भी निर्धारित किए गए हैं।

20 सार्वजनिक स्थानों पर दिखेंगे दीपोत्सव के कार्यक्रम

दीपोत्सव के प्रमुख आयोजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सीधा प्रसारण करने के लिए अयोध्या के 20 व्यस्त सार्वजनिक स्थलों पर बड़े एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। इनमें रामघाट चौराहा, दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, धर्मपथ बाईपास पेट्रोल पम्प, दिगंबर अखाड़ा, तुलसी स्मारक भवन, अयोध्या पोस्ट ऑफिस, हनुमान मार्केट, सिंह द्वार और हनुमान गुफा जैसे स्थान शामिल हैं।

इसके साथ श्रीराम चिकित्सालय, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, तुलसी उद्यान, हनुमानगढ़ी, अयोध्या कोतवाली, वाल्मीकि भवन, अशर्फी भवन, मीडिया सेंटर, रामकथा संग्रहालय, टेढ़ी बाजार, विद्या कुण्ड, राजघाट और वैक्स म्यूजियम में भी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। इनके जरिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद लोग भी दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों को देख सकेंगे।

13 प्रमुख मार्गों पर होर्डिंग और स्टैंडी से सजेगी रामनगरी

अयोध्या के प्रवेश मार्गों से लेकर शहर के प्रमुख आंतरिक रास्तों तक 13 खंडों में प्रचार सामग्री लगाने की योजना बनाई गई है। इसके तहत साकेत पेट्रोल पम्प से रामघाट हाल्ट और नया घाट तिराहा, रामकथा पार्क, शहादतगंज पुलिस चौकी से कलेक्ट्रेट और रिकाबगंज, राम की पैड़ी तथा भजन संध्या स्थल को शामिल किया गया है।

इसके अलावा आईटीआई कॉलेज से नियावां चौराहा, आबकारी ऑफिस से मकबरा और सुभाष नगर, देवकाली बाईपास से साकेत पेट्रोल पम्प, पुष्पराज चौराहा से फतेहगंज और देवकाली, कलेक्ट्रेट तथा विकास भवन परिसर में भी होर्डिंग और स्टैंडी लगाए जाएंगे। लखनऊ, सुलतानपुर, अंबेडकरनगर और रायबरेली की ओर जाने वाले प्रमुख राज्य मार्गों के दोनों तरफ भी प्रचार सामग्री लगाई जाएगी।

सुरक्षा मानकों का रखा जाएगा विशेष ध्यान

जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन ने बताया कि प्रचार सामग्री लगाने के दौरान सुरक्षा और सौंदर्य से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। इसके तहत फ्लेक्स या फ्रेम को बिजली, टेलीफोन अथवा अन्य टावर पोल पर लगाने की अनुमति नहीं होगी। सभी संबंधित एजेंसियों को प्रचार सामग्री स्थापित करने के लिए अपने स्वतंत्र गार्डर और ढांचे तैयार करने होंगे।

उन्होंने बताया कि दीपोत्सव के व्यापक प्रचार और कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए 25 एलईडी वैन और 20 डिस्प्ले बोर्ड की व्यवस्था की जा रही है। इन पर प्रमुख सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। साथ ही 13 प्रमुख मार्गों पर होर्डिंग और स्टैंडी लगाकर रामनगरी को उत्सव के अनुरूप सजाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *