Dehradun: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय परिसर से हरिद्वार के मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उपकरणों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत इन उपकरणों की व्यवस्था कृषि उद्योग विकास परिषद के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से की जा रही है। इसका मकसद कुंभ क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना और श्रद्धालुओं को जरूरत के समय गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं का ध्यान रखना राज्य सरकार की प्रमुख जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए मेले से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को समय पर उचित उपचार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में अस्पतालों की सुविधाओं का विस्तार करने के साथ आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को भी प्रभावी बनाना जरूरी है। मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय को उपलब्ध कराए जा रहे उपकरण मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में उपयोगी साबित होंगे।
सीएम धामी ने कृषि उद्योग विकास परिषद की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि कुंभ जैसे विशाल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों की भागीदारी अहम भूमिका निभाती है। सरकारी विभागों के साथ ऐसे संगठनों के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं तैयार की जा सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सेहत और सुरक्षा के मामले में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी विभागों और सहयोगी संस्थाओं के आपसी तालमेल से कुंभ का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा।