Delhi: दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत ढही, हादसे में दो की मौत और चार घायल

Delhi: पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, यहां निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, मलबे में अभी और लोगों के दबे होने की आशंका है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के मुताबिक, सुबह करीब 9:50 बजे गली शाहतारा स्थित शीश महल में इमारत गिरने की सूचना मिली थी। यह स्थान चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के ठीक सामने है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।

अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बचाव दल ने मलबे से दो लोगों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने चार घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया था।

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मलबे के नीचे कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं।

फिलहाल वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में दमकल विभाग की कई टीमें घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। मलबे में फंसे संभावित लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *