Vijay Thalapathy: वाईएसआरसीपी प्रमुख वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी और कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम, बीजेपी की अभिनेत्री-राजनेता कस्तूरी ने सोमवार को टीवीके के चुनावी राजनीति में शानदार प्रवेश के लिए विजय की जमकर प्रशंसा की।
अपने पहले चुनावी मुकाबले में तमिलागा वेट्री कज़गम (टीवीके) तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। जगन मोहन रेड्डी ने इसे “शानदार उपलब्धि” बताते हुए विजय को उनकी “सेवा के नए अध्याय” की शुरुआत पर शुभकामनाएं दीं।
एक्स पर किए पोस्ट में उन्होंने कहा, “मेरे प्यारे भाई विजय को हार्दिक बधाई! अपने पहले ही चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरना वाकई सराहनीय है। आपको अपार शक्ति और सफलता की शुभकामनाएं… ईश्वर आपके साथ रहें।”
तमिलनाडु से कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने टीवीके के प्रदर्शन को “पहली ही चुनावी पारी में शानदार सफलता” बताया। शिवगंगा के सांसद ने एक्स पर किए पोस्ट में कहा, “अभिनेता विजय और टीवीके विजय मुख्यालय को उनके पहले ही प्रयास में शानदार चुनावी सफलता के लिए हार्दिक बधाई। बहुत बढ़िया!”
प्रमुख द्रविड़ पार्टियों के साथ गठबंधन न करने के बावजूद टीवीके का प्रदर्शन इतना दमदार रहा है। चुनाव से पहले कांग्रेस के कुछ वर्गों ने टीवीके के साथ गठबंधन का समर्थन किया था लेकिन पार्टी नेतृत्व ने डीएमके के साथ अपना गठबंधन जारी रखने का फैसला किया, जिसे अब भारी झटका लगा है।
इस बीच अभिनेत्री और बीजेपी नेता कस्तूरी ने विजय और मतदाताओं दोनों की सराहना करते हुए कहा, “डीएमके को सत्ता से बेदखल करने के लिए तमिलनाडु की जनता को बहुत सम्मान और टीवीके प्रमुख विजय को हार्दिक बधाई। ये इतिहास है।”