Suvendu Adhikari: घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेंगे, बोले शुभेंदु अधिकारी

Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किए गए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में नई और पहली बीजेपी सरकार पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी और लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करेगी।

भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि बंगाल में डर का माहौल खत्म हो गया है और राज्य अब “भरोसे” के दौर की ओर बढ़ेगा। पार्टी विधायकों और समर्थकों की ज़ोरदार तालियों के बीच अधिकारी ने कहा, “भय अब खत्म हो गया है और जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने कहा है, भरोसा आ गया है।”

इससे पहले अधिकारी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में सर्वसम्मति से बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया, जिससे उनके पश्चिम बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘बंगाल की जनता ने हमें ऐतिहासिक जनादेश दिया है। हम बंगाल में बीजेपी के चुनाव घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेंगे।’’

उन्होंने केंद्र सरकार और राज्य की नई बीजेपी सरकार के बीच समन्वय की जरूरत पर जोर दिया। अधिकारी ने कहा, ‘‘केंद्र और राज्य बंगाल की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मिलकर काम करें।’’ शाह ने पश्चिम बंगाल में नव निर्वाचित विधायकों की एकमत से सहमति का हवाला देते हुए अधिकारी को बीजेपी विधायक दल का नेता घोषित किया।

शाह ने कहा, “विधायक दल का नेता चुनने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। आठ प्रस्ताव मिले थे और उन सभी में सिर्फ एक नाम था।दूसरे नाम के लिए काफी समय दिया गया था, लेकिन कोई दूसरा नाम प्रस्तावित नहीं किया गया। इसलिए, मैं शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री घोषित करता हूं।”

बंगाल में बीजेपी की जीत के मुख्य सूत्रधारों में गिने जाने वाले अधिकारी शनिवार को यहां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक भव्य समारोह में राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, शाह और कई वरिष्ठ बीदेपी नेता शामिल हो सकते हैं। बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में ज़बरदस्त जीत हासिल की और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल का राज खत्म हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *