Rahul Gandhi: राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर शुरू किया ‘आस्क मी एनीथिंग’, कहा- हर सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए

Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘जेन-जी’ तक पहुंचने की कोशिश में इंस्टाग्राम पर “आस्क मी एनीथिंग” (मुझसे कुछ भी पूछें) सेशन शुरू किया। इसमें उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए, जिनमें झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन से जुड़ा सवाल भी शामिल था। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए।

राहुल गांधी ने एक्स पर अपनी इस इंस्टाग्राम पहल का लिंक शेयर करते हुए कहा, “छात्रों, जेन-जी- मैं आपकी बात सुनने के लिए यहां हूं। इंस्टाग्राम पर मुझसे कुछ भी पूछें, और मैं ज्यादा से ज्यादा सवालों के जवाब दूंगा।” कांग्रेस पार्टी ने इस सेशन से जुड़े कुछ वीडियो क्लिप भी जारी किए हैं। झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर राहुल गांधी ने कहा कि देश का शिक्षा सिस्टम पूरी तरह से चरमरा गया है। बता दें कि झारखंड में ‘इंडिया’ (आईएनडीआईए) गठबंधन की सहयोगी पार्टी ‘झारखंड मुक्ति मोर्चा’ की सरकार है।

राहुल गांधी ने कहा, “देश में जो छात्र विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं, वे शिक्षा प्रणाली के खिलाफ हैं। मैंने कोटा और देहरादून में साफ तौर पर कहा है और इलाहाबाद में भी कहूंगा कि हमारी शिक्षा प्रणाली चरमरा गई है, यह बहुत महंगा है और दमनकारी है। उन्होंने कहा, “हर सरकार को- चाहे वह केंद्र सरकार हो, कांग्रेस सरकार हो या झारखंड सरकार- छात्रों की बात सुननी चाहिए और शिक्षा प्रणाली को बदलने के लिए कदम उठाने चाहिए।”

 

बता दें कि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन गुरुवार को 13वें दिन में प्रवेश कर गया, जिसमें छह प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर हैं। विरोध कर रहे छात्रों और नौकरी के उम्मीदवारों ने गतिरोध को सुलझाने के लिए राज्य सरकार से बातचीत करने के लिए 11 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल बनाया है।

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के बैनर तले 25 जुलाई को शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन, हाल के वर्षों में राज्य में छात्रों के नेतृत्व वाले सबसे बड़े आंदोलनों में से एक बनकर उभरा है। एक और सवाल में, जब उनसे पढ़ाई के अधिकार के लिए लड़ रही युवतिओं के लिए उनके संदेश के बारे में पूछा गया, तो राहुल गांधी ने कहा, “भारत की महिलाएं हमारी ताकत हैं, हमारी सबसे बड़ी संपत्ति हैं और सच कहूं तो मुझे समाज में महिलाओं के साथ जैसा व्यवहार किया जाता है, वह पसंद नहीं है। जिस तरह से हमारा शिक्षा सिस्टम और कॉर्पोरेट सिस्टम महिलाओं के साथ व्यवहार करते हैं, वह भी मुझे पसंद नहीं है।

वहीं जब उनसे पूछा गया कि बीजेपी में उनका पसंदीदा राजनेता कौन है, तो राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया। राहुल गांधी ने कहा, “मेरी उनसे अच्छी बनती है, वे कूल हैं। वे मिलिट्री हिस्ट्री के एक्सपर्ट हैं। हेलो, अंकल अमरिंदर।” राहुल गांधी हाल ही में इंस्टाग्राम पर छात्रों और अभिभावकों के साथ अपनी बातचीत की झलकियां लगातार पोस्ट कर रहे हैं।

पिछले कुछ हफ्तों में, इंस्टाग्राम नेताओं के बीच राजनैतिक संदेश पहुंचाने का एक अहम प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘जेन-जी’ को लुभाने के लिए एक संगठित अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें कई केंद्रीय मंत्री और पार्टी नेता भी शामिल हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *