Uttar Pradesh: अयोध्या में बोले सीएम योगी, कहा- ‘SIT जांच में दूध का दूध, पानी का पानी होगा’

Uttar Pradesh: अयोध्या दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी मामले पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है और जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।

सीएम योगी ने कहा, दूध का दूध और पानी का पानी जरूर होगा। जो भी दोषी होगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” अयोध्या में 245 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला।

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल नहीं चाहते कि अयोध्या का वैश्विक स्तर पर विकास हो। उन्होंने कहा कि अतीत में रामभक्तों पर अत्याचार हुए, यहां तक कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान गोली चलवाने जैसी घटनाएं भी हुईं। सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने कभी राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया, वे आज राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।

‘सबूत हों तो SIT को दें’

योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़े कोई दस्तावेज या सबूत हैं, तो वे उन्हें सीधे SIT को सौंपें, ताकि जांच में मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए, ताकि प्रक्रिया प्रभावित न हो।

रामभक्तों से अपील

सीएम योगी ने कहा, “भगवान राम ने हमें मर्यादा का संदेश दिया है। उसी मर्यादा का पालन करते हुए हमने 500 साल तक संघर्ष किया है। ”उन्होंने रामभक्तों से अपील की कि वे धैर्य रखें और कहा, “बस 15 दिन और इंतजार करें, सच्चाई सामने आ जाएगी। किसी भी तरह के भ्रामक प्रचार से दूर रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *