HP Snowfall: सीजन की पहली बर्फबारी से मौसम हुआ सुहावना, 19 सितंबर से बढ़ेगा तापमान

HP Snowfall:  हिमाचल प्रदेश में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया, पहाड़ी राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जबकि कुल्लू, मनाली और लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई।

ताजी बर्फबारी ने ऊंचाई वाले इलाकों को सफेद चादर से ढक दिया, इसकी वजह से तापमान में भी गिरावट आई। इसने मैदानी इलाकों की उमस भरी गर्मी से बचने के लिए यहां पहुंचे सैलानियों के चेहरों पर खुशी बिखेर दी। पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों को भी मौसम में आया बदलाव भा रहा है। उनके मुताबिक पर्यटन क्षेत्र के लिए ये अच्छा संकेत है, क्योंकि इससे ज्यादा सैलानी इस इलाके का रुख कर सकते हैं।

शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई और इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है। उसके मुताबिक अगले 24 घंटों तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में सुहावना मौसम ज्यादा समय तक नहीं रहेगा और 19 सितंबर से तापमान बढ़ने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *