Obsession: वरुण धवन और अभिनेत्री कृति सैनन ने हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ के हिंदी संस्करण के लिए दी आवाज

Obsession: अभिनेता वरुण धवन और कृति सैनन ने हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ के हिंदी संस्करण के लिए अपनी आवाज दी है। यह फिल्म 30 अक्टूबर को जियो हॉटस्टार पर मूल अंग्रेजी संस्करण के साथ रिलीज होगी। करी बार्कर के निर्देशन में बनी यह फिल्म जियो हॉटस्टार के ‘पीकॉक हब’ पर हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में ऑनलाइन उपलब्ध होगी।

करीब सात लाख 50 हजार अमेरिकी डॉलर के बजट में बनी इस हॉरर फिल्म ने दुनियाभर में 50 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की कमाई करके बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की। इंडे नवारेट और माइकल जॉनस्टन अभिनीत इस फिल्म की कहानी बियर नाम के एक शर्मीले युवक के इर्द-गिर्द घूमती है। बियर लंबे समय से जिस लड़की निक्की को चाहता है उसका प्यार पाने के लिए ‘वन विश विलो’ नाम की एक रहस्यमयी वस्तु का इस्तेमाल करता है। हालांकि, उसकी इच्छा उस समय भयावह मोड़ ले लेती है, जब निक्की उसके प्रति खतरनाक रूप से आसक्त हो जाती है। इसके बाद कई डरावनी घटनाएं शुरू हो जाती हैं।

हिंदी संस्करण में कृति सैनन ने निक्की और वरूण धवन ने बियर के किरदार को अपनी आवाज दी है। वर्ष 2022 में आई हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भेड़िया’ में साथ काम कर चुके दोनों कलाकारों ने कहा कि डबिंग की प्रक्रिया ने उन्हें फिल्म और उसके किरदारों को एक अलग नजरिये से समझने का अवसर दिया।

सैनन ने कहा, “मुझे ‘ऑब्सेशन’ फिल्म और इसमें कलाकारों का अभिनय बेहद पसंद आया। इसकी कहानी बेहद दिलचस्प, अनूठी और चौंकाने वाली है। मैंने पहले कभी इतने अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार को नहीं समझा था, इसलिए यह अनुभव मेरे लिए रोमांचक होने के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण भी रहा।” उन्होंने कहा कि किसी दूसरे कलाकार के अभिनय के लिए अपनी आवाज देने का यह उनका पहला अनुभव था। धवन ने कहा कि हिंदी संस्करण पर काम करने से उन्हें फिल्म की उन बारीकियों पर ध्यान देने का मौका मिला, जिन पर पहली बार फिल्म देखते समय उनका ध्यान नहीं गया था।

उन्होंने कहा, “ऑब्सेशन के हिंदी संस्करण पर काम करने से मुझे कहानी को बिल्कुल अलग नजरिये से अनुभव करने का अवसर मिला। वास्तव में, मुझे फिल्म और भी ज्यादा पसंद आई, क्योंकि इस बार मैं इसे इतने करीब से देख और समझ सका।” जियोस्टार में हिंदी और अंग्रेजी मनोरंजन कारोबार के प्रमुख आलोक जैन ने कहा कि हिंदी संस्करण से फिल्म को भारत में अधिक दर्शकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *