Anil Kapoor: अनिल कपूर के शो के सेट पर 9 घंटे इंतजार करने का आरोप, स्टंट आर्टिस्ट से मांगी माफी

Anil Kapoor:  बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर अपने रियलिटी शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ को लेकर चर्चा में हैं। शो की शूटिंग के दौरान स्टंट डायरेक्टर और बॉडी डबल गीता टंडन ने प्रोडक्शन टीम पर लापरवाही और अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्हें और उनके बेटे को सेट पर करीब नौ घंटे तक इंतजार करना पड़ा और इस दौरान किसी ने चाय या कॉफी तक के लिए नहीं पूछा। मामला सामने आने के बाद अनिल कपूर ने उनसे माफी मांगी है।

फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में दो दशक से अधिक समय से सक्रिय गीता टंडन ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक लंबी पोस्ट साझा कर अपना अनुभव बताया। इस पोस्ट में उन्होंने अभिनेता अनिल कपूर, फिल्ममेकर फराह खान और शो की प्रोडक्शन कंपनी बनिजय एशिया को भी टैग किया।

गीता के मुताबिक, मंगलवार को उन्हें अनिल कपूर के होस्ट किए जा रहे शो में अपने बेटे के साथ बतौर गेस्ट बुलाया गया था। उन्होंने इसके लिए कोई फीस नहीं लेने पर सहमति जताई थी, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि इस मंच के जरिए उन्हें पहचान मिल सकती है। शूटिंग में शामिल होने के लिए उन्होंने अपने बेटे को खास तौर पर गोवा से बुलाया था।

उन्होंने बताया कि वह दोपहर करीब 12:30 बजे सेट पर पहुंच गई थीं। वहां उन्हें जानकारी दी गई कि कुछ घंटों के भीतर उनके हिस्से की शूटिंग शुरू हो जाएगी, लेकिन इंतजार करते-करते कई घंटे बीत गए। इस दौरान उन्हें और उनके बेटे को एक टेंट में बैठा दिया गया। गीता का आरोप है कि न तो उन्हें चाय-कॉफी की पेशकश की गई और न ही शूटिंग के समय को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी दी गई।

गीता ने अपनी पोस्ट में बताया कि बार-बार पूछने पर भी उन्हें सिर्फ इंतजार करने के लिए कहा जाता रहा। किसी ने यह बताने की जरूरत नहीं समझी कि उनकी शूटिंग कब होगी। लंबे इंतजार के बाद उन्होंने प्रोडक्शन टीम से इस बारे में सवाल किया।

स्टंट आर्टिस्ट ने कहा कि बिना फीस के काम करने की उनकी सहमति का मतलब यह बिल्कुल नहीं था कि उनके समय और सम्मान को महत्व नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उचित स्पष्टीकरण या माफी मिलने के बजाय उन्हें और असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।

गौरतलब है कि गीता टंडन फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी स्टंट परफॉर्मर और बॉडी डबल हैं। उन्होंने ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में दीपिका पादुकोण, ‘उड़ता पंजाब’ में करीना कपूर खान, ‘जज्बा’ में ऐश्वर्या राय बच्चन और वेब सीरीज ‘सिटाडेल: हनी बनी’ में सामंथा रुथ प्रभु के लिए बॉडी डबल के तौर पर काम किया है। इसके अलावा वह कई फिल्मों और प्रोजेक्ट्स में स्टंट भी कर चुकी हैं।

इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल कपूर ने गीता और उनके बेटे को हुई परेशानी के लिए खेद जताया और माफी मांगी। वहीं, फराह खान ने भी उनकी पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। फराह ने बताया कि वह उस समय दूसरे एपिसोड की शूटिंग में व्यस्त थीं। अगर उन्हें गीता के वहां होने का पता होता तो वह उन्हें अपनी वैन में बैठने के लिए जरूर कहतीं। उन्होंने गीता के काम और मेहनत के प्रति सम्मान भी जाहिर किया।

गीता टंडन ने फराह खान के समर्थन और संवेदनशील प्रतिक्रिया के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि फराह का साथ मिलना उनके लिए काफी मायने रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *