आसिफ खान हाल ही में सलमान खान के होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ से आठ सप्ताह के सफर के बाद बाहर हो गए। रविवार को प्रसारित ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में सबसे कम वोट मिलने के कारण उन्हें शो छोड़ना पड़ा।
शो के दौरान साथी प्रतियोगी अमन गांधी ने आसिफ के अभिनय की तुलना इरफान खान से की थी। इस टिप्पणी पर आसिफ ने कहा कि वह इसे सकारात्मक रूप में लेते हैं। उनके मुताबिक, इरफान खान उनके दिल के बेहद करीब हैं और दोनों के बीच कई समानताएं भी हैं।
आसिफ ने बताया, “यह मेरे लिए बहुत बड़ी तारीफ है। इरफान खान साहब मेरे दिल में बसते हैं। हम एक ही शहर से आते हैं, हमारा थिएटर ग्रुप और उस्ताद भी एक ही रहे हैं। हमारे नाम भी मिलते-जुलते हैं। इरफान साहब का संबंध टोंक से था, जहां मेरी नानी का घर है। इस तरह हम दोनों के बीच कई समानताएं हैं।”
उन्होंने इरफान खान को दुनिया के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक बताते हुए कहा कि उनकी अदाकारी और अंदाज का कोई मुकाबला नहीं है। आसिफ ने टॉम हैंक्स का उदाहरण देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी इरफान खान की शैली की सराहना करते रहे हैं। ऐसे में उनकी तुलना इरफान से होना उनके लिए गर्व की बात है।
‘पंचायत’ और ‘मिर्जापुर’ जैसे लोकप्रिय वेब शोज में अपनी भूमिकाओं से पहचान बनाने वाले आसिफ खान ने ‘बिग बॉस’ में शामिल होने के मकसद पर भी बात की। उन्होंने कहा कि शो में आने के पीछे उनकी प्राथमिकता ट्रॉफी जीतना नहीं, बल्कि दर्शकों के दिलों में जगह बनाना था।
आसिफ के मुताबिक, वह शो में खुशी के साथ शामिल हुए और उसी एहसास के साथ बाहर आए। उन्होंने कहा, “मैं पहले दिन से ही दर्शकों का दिल जीतना चाहता था। ट्रॉफी उसके बाद आती है। अगर आप लोगों का प्यार हासिल कर लेते हैं, तो वही सबसे ज्यादा मायने रखता है। मुझे नहीं लगता कि भारतीय टेलीविजन पर ‘बिग बॉस’ से बड़ा मंच कोई और है। अगर मैं इस शो के जरिए लोगों के घरों तक पहुंच पाया हूं, तो मेरा मकसद पूरा हो गया।”