Cricket: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही उनके 14 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया। सीमित ओवरों के क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी के लिए पहचाने जाने वाले मैक्सवेल ने मंगलवार को अपने फैसले की जानकारी दी।
38 वर्षीय मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला इस साल की शुरुआत में आईसीसी टी20 विश्व कप के दौरान ओमान के खिलाफ खेला था। ‘द फाइनल वर्ड’ पॉडकास्ट पर बातचीत करते हुए मैक्सवेल ने बताया कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ विक्टोरिया की ओर से घरेलू क्रिकेट को भी अलविदा कह रहे हैं। इसमें 50 ओवर के मुकाबले और चार दिवसीय प्रथम श्रेणी क्रिकेट शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों को देखते हुए आने वाले 12 से 24 महीनों में क्रिकेट में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। ऐसे समय में युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के दबाव से रूबरू होने का अवसर देना जरूरी है।
विश्व कप विजेता टीमों का रहे हिस्सा
अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के चलते ‘बिग शो’ के नाम से मशहूर मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 149 वनडे, 130 टी20 अंतरराष्ट्रीय और सात टेस्ट मैच खेले। वह 2015 और 2023 में वनडे विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे। इसके अलावा 2021 में टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई।
संन्यास के फैसले पर बात करते हुए मैक्सवेल ने कहा कि अब उन्हें अपने शरीर की जरूरतों पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता महसूस हो रही है, ताकि वह अपने करियर के बाकी बचे टूर्नामेंट में हिस्सा ले सकें। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में उन्हें विदाई मुकाबला खेलने का अवसर मिलेगा। हालांकि, वह टीम प्रबंधन की भविष्य की योजनाओं को समझते हैं और उसका सम्मान करते हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक दोहरा शतक
मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की सीमित ओवरों की टीम के अहम खिलाड़ियों में शामिल रहे। उनके कई यादगार प्रदर्शनों में 2023 वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई पारी खास है। उस मुकाबले में शारीरिक परेशानी और थकान के बावजूद उन्होंने शानदार दोहरा शतक जड़कर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई थी। उनकी इस पारी को विश्व कप इतिहास की यादगार पारियों में गिना जाता है।
आंकड़ों की बात करें तो मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट में 126.7 के स्ट्राइक रेट से 3,990 रन बनाए। वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनके नाम 154.4 के स्ट्राइक रेट से 2,897 रन दर्ज हैं। तीनों प्रारूपों को मिलाकर उन्होंने 10 शतक लगाए और 136 विकेट हासिल किए। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, मैच का रुख बदलने की क्षमता और उपयोगी गेंदबाजी के दम पर मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एक खास पहचान बनाई। उनके संन्यास के साथ ही क्रिकेट के एक यादगार अध्याय का समापन हो गया है।