Uttarakhand: आगामी मानसून सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र में संभावित समस्याओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में उन्होंने साफ कहा कि मानसून के दौरान आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें।
पेयजल, सफाई और सड़कों की स्थिति पर हुई विस्तृत समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, नालों की सफाई, पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था और सड़कों की स्थिति का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि जलभराव और अन्य समस्याओं से लोगों को राहत मिल सके।
MDDA अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर जताई नाराजगी
बैठक में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के वरिष्ठ अधिकारी की अनुपस्थिति पर मंत्री खजान दास ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि भविष्य में होने वाली बैठकों में एमडीडीए के जिम्मेदार और वरिष्ठ अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि जनहित से जुड़े मामलों में प्रभावी और त्वरित निर्णय लिए जा सकें।
ब्राह्मणवाला आढ़त बाजार शिफ्टिंग का कार्य 95 फीसदी पूरा
बैठक में एमडीडीए की ओर से जानकारी दी गई कि ब्राह्मणवाला आढ़त बाजार शिफ्टिंग परियोजना के तहत निर्माण कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। साथ ही प्रभावित आढ़तियों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।
जलभराव और सड़क मरम्मत पर दिए विशेष निर्देश
मंत्री खजान दास ने अधिकारियों को प्रिंस चौक क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पेयजल व्यवस्थाओं में सुधार तथा कांवली रोड, सुभाष रोड और मॉडर्न कॉलोनी रोड सहित विभिन्न सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य मानसून से पहले पूरा करने को कहा।
उन्होंने परेड ग्राउंड की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि जनता की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को तय समय सीमा में कार्य पूरा करना होगा।