Uttarakhand: चंपावत में खाई में गिरी कार में लगी आग, 5 की मौत, 3 घायल

Uttarakhand: उत्तराखंड के चंपावत जिले के बाराकोट क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक वाहन बापरू-बंतोली मार्ग पर अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और उसमें आग लग गई।
राज्य आपदा प्रतिवादन बल के अनुसार, जिला नियंत्रण कक्ष से दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक डूंगर सिंह के नेतृत्व में SDRF की टीम तत्काल राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर वाहन खाई में गिरा हुआ और आग की लपटों से घिरा मिला। SDRF और जिला पुलिस ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। बचाव दल ने घायल नीतू देवी 31, अक्षिता 8 और आरव 5 को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे में चालक राजेंद्र कुमार 47, निवासी अंजेड़ा, डीडीहाट तथा बलदेव कुमार 34, निवासी ननकोड़ी, अंजेड़ा, डीडीहाट सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों के शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गौरतलब है कि 10 जून को भी मसूरी रोड स्थित झड़ीपानी क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। उस हादसे में भी पुलिस, फायर सर्विस और SDRF ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *