Chamoli: उत्तराखंड में बड़ा हादसा टला? बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर लापता, छह लोग सवार

Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ से देहरादून के लिए उड़ान भरने वाला एक हेलीकॉप्टर अचानक लापता हो गया है। विमान में पांच यात्रियों के साथ एक पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटने के बाद जिला प्रशासन ने उसकी तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चार्ली एक्स-रे नाम की कंपनी का यह हेलीकॉप्टर जोशीमठ के नजदीक हाथी पर्वत क्षेत्र में लापता हुआ। इसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए प्रशासन ने एक अन्य हेलीकॉप्टर की मदद से हवाई सर्च ऑपरेशन शुरू कराया है।

हेलीकॉप्टर के लापता होने की घटना के बीच उत्तराखंड के कई हिस्सों में मौसम खराब बना हुआ है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, केदारनाथ धाम में गुरुवार (29 अक्टूबर) से लगातार हो रही बर्फबारी के चलते इस सीजन की पहली भारी बर्फबारी दर्ज की गई। बर्फ की मोटी परत से आसपास की पहाड़ियां ढक गई हैं और तापमान में भी गिरावट आई है।

अगले कुछ दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना

देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, उत्तराखंड में आने वाले दिनों में भी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। विशेष रूप से पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

एएनआई से बातचीत में डॉ. तोमर ने बताया कि 29 अक्टूबर को राज्य के आठ से नौ स्थानों पर भारी बारिश हुई थी। उत्तरकाशी, टिहरी और हरिद्वार में इसका असर प्रमुख रूप से देखने को मिला। शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है, जबकि कुमाऊं मंडल में बारिश की गतिविधियां ज्यादा हो सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 31 अक्टूबर को पर्वतीय इलाकों में हल्की से बहुत हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 1 और 2 नवंबर को राज्य के उत्तरी पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट

खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ा दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को अलर्ट मोड में सक्रिय रखने के निर्देश दिए। प्रशासन मौसम की लगातार निगरानी कर रहा है। इसके साथ ही लाइव सीसीटीवी कैमरों के जरिए सड़कों की स्थिति और गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के हालात पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की है कि वे गिरते तापमान को देखते हुए ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करें। साथ ही यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *