Jemimah: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने चोट से पूरी तरह उबरने के बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी का ऐलान कर दिया है, सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि अब वह पूरी तरह फिट हैं और दोबारा मुकाबले खेलने के लिए उत्साहित हैं।
जेमिमा को इसी साल 3 अगस्त को इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी टीम सदर्न ब्रेव की ओर से ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट में खेलते समय हैमस्ट्रिंग की चोट लगी थी। इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल टीम ने उन्हें आराम और रिहैबिलिटेशन की सलाह दी। चोट के चलते वह संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित टी20 एशिया कप और जापान में हुए एशियाई खेलों में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बन सकीं।
26 वर्षीय बल्लेबाज हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत में खेली गई सीमित ओवरों की घरेलू सीरीज से भी बाहर रही थीं।
इंस्टाग्राम पर दी फिटनेस की जानकारी
जेमिमा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर अपनी वापसी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब तीन महीने तक चोट से उबरने की प्रक्रिया से गुजरने के बाद अब उन्हें खेलने के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। मैदान पर लौटने को लेकर उन्होंने अपनी उत्सुकता भी जाहिर की।
दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हो सकती है वापसी
भारतीय महिला टीम का अगला अंतरराष्ट्रीय दौरा दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका का प्रस्तावित है। इस दौरे पर टीम अलग-अलग प्रारूपों में सीरीज खेलेगी। ऐसे में जेमिमा के पास राष्ट्रीय टीम में वापसी का मौका होगा। इसके अलावा वह मौजूदा सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में मुंबई की टीम की तरफ से भी खेलती नजर आ सकती हैं। चोट से वापसी के बाद उनका लक्ष्य लय हासिल करना और आगामी मुकाबलों के लिए खुद को तैयार करना होगा।