Ankita Murder Case: अंकिता की फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए कई खुलासे, जांच में जुटी SIT

नीरज गोयल

ऋषिकेश। अंकिता भंडारी की फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में सामने आया है कि अंकिता की मौत पानी में डूबने से हुई थी। उसके शरीर पर 4-5 जगह चोट के निशान पाए गए हैं। दरअसल, अंकिता हत्याकांड की जांच कर रही एसआईटी की टीम लक्ष्मण झूला थाने पहुंची, जहां अंकिता के दोस्त पुष्पदीप के बयान दर्ज किए गए। बता दें कि पुष्पदीप वही व्यक्ति है, जिसने अंकिता के पिता को फोन पर अंकिता के गायब होने की सूचना दी थी। एसआईटी टीम की डीआईजी पी. रेणुका देवी ने पुष्पदीप के बयान दर्ज करने के बाद ऋषिकेश एम्स जाकर अंकिता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त की, जिसमें खुलासा हुआ कि अंकिता की मृत्यु डूबने के कारण हुई है। मृत्यु से पहले सर पर चोट पाई गई है।

हत्या के बाद भी चालू था आरोपी पुलकित का फोन

एसआईटी को जांच में पता चला है कि हत्या के बाद भी पुलकित का फोन चालू था और लगातार फोन पर बातचीत हो रही थी, जबकि आरोपी पुलकित और उसके दोस्तों द्वारा बताया गया था कि अंकिता ने पुलकित का फोन छीन कर नहर में फेंक दिया था।

रिसोर्ट में आए सभी लोगों से होगी पूछताछ

एसआईटी की टीम ने संतोष सिंह कुंवर के कक्ष में सीसीटीवी फुटेज, अंकिता के शव की बरामदगी की जगह, फॉरेंसिक जांच के दौरान वीडियोग्राफी, इन सब को देखा और फिर पुलिस घटनास्थल के लिए एसआईटी की टीम के साथ वनंतरा रिसोर्ट पहुंची, जहां एसआईटी की टीम ने कर्मचारियों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। इतना ही नहीं एसआईटी की टीम रिसोर्ट में आने वाले मेहमानों से भी पूछताछ करेगी।

हर पहलू पर जांच कर रही एसआईटी

सूत्रों के अनुसार अंकिता हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी द्वारा कई टीमें बनाई गई हैं। जो अलग-अलग पहलू से जांच करेगी। एक टीम गांव वालों से मुलाकात कर उनके बयान दर्ज करेगी। इसके अलावा पिछले 10 सालों में जितने भी कर्मचारी रिसोर्ट में काम कर चुके हैं, उन सभी बयान दर्ज किए जाएंगे। बता दें कि जांच पूरी होने तक एसआईटी की टीम लक्ष्मण झूला थाने में ही रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *