UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर ‘जनगणना 2027’ का शुभारंभ किया। इस दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी ने स्वयं अपने मोबाइल फोन के माध्यम से पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर डिजिटल जनगणना प्रक्रिया की शुरुआत की।
आज से 21 मई तक स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान नागरिक अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन कर ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी जानकारी भर सकेंगे। पोर्टल पर कुल 34 सवालों के जवाब देने होंगे। इसके बाद 22 मई से जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी एकत्र करेंगे।
लखनऊ में जनगणना को लेकर मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने मुस्लिम समाज से अपील की कि लोग डिजिटल जनगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मोबाइल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करें। उन्होंने लोगों से जनगणना कर्मियों को अपने और अपने परिवार की सही एवं पूरी जानकारी देने की भी अपील की।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी ने कहा, “आज से डिजिटल जनगणना की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका शुभारंभ किया है। देश में पहली बार डिजिटल जनगणना हो रही है, जिसमें नागरिक स्वयं मोबाइल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।”