Reset: सर्वाइवल थ्रिलर ‘रीसेट’ फिल्म में प्रियंका चोपड़ा और अभिनेता ऑरलैंडो ब्लूम साथ दिखेंगे

Reset:  अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस को अपनी अगली हॉलीवुड फिल्म ‘रीसेट’ मिल गई है। ये एक सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म है। इसमें उनके साथ ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरिबियन’ के अभिनेता ऑरलैंडो ब्लूम उनके साथ दिखेंगे।

फिल्म की शूटिंग अगस्त में शुरू होगी। फिल्म का निर्देशन मैट स्मुक्लर कर रहे हैं। इन्हें 2020 की ड्रामा फिल्म ‘वाइल्ड फ्लावर’ के लिए जाना जाता है। ‘रीसेट’ में प्रियंका एक ऐसी महिला का किरदार निभाएंगी जो अचानक खुद को कोसों दूर एक घने जंगल में पाती हैं और उसे जरा भी याद नहीं होता कि वो वहां कैसे पहुंची। उसके बचने का एकमात्र जरिया है एक अजनबी पर भरोसा करना, जो शायद वो न हो जैसा वो खुद को बताता है।

स्मुक्लर ने कहा, “मैं एक ऐसी जोड़ी की तलाश में था, जहां आकर्षण और अविश्वास दोनों एक साथ आसानी से दिख सकें। प्रियंका और ऑरलैंडो में ये वो काबिलियत है कि वे आपको एक ही समय में दोनों बातों पर यकीन दिला देते हैं। उनकी केमिस्ट्री बेमिसाल है।” इस फिल्म का निर्माण जॉन होएबर और एरिक होएबर अपने ‘फ्रैट्रिसाइडल फिल्म्स’ बैनर के तहत, माइकल लाजारोविच ‘केमिकली ऑल्टर्ड’ के लिए और मैथ्यू रोड्स ‘रोड्स एंटरटेनमेंट’ के लिए करेंगे।

प्रियंका चोपड़ा जोनस की ‘पर्पल पेबल पिक्चर्स’ और ब्लूम की ‘अमेजिंग आउल’ भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हैं, जिसमें नादिन डी. बैरोस कार्यकारी निर्माता की भूमिका निभा रही हैं। प्रियंका को हाल ही में ‘द ब्लफ’ में देखा गया था, जो एक एक्शन-एडवेंचर फिल्म है और जिसमें “द बॉयज” के अभिनेता कार्ल अर्बन भी नजर आए थे। इससे पहले, वे “हेड्स ऑफ स्टेट” में इदरीस एल्बा और जॉन सीना के साथ नजर आई थीं।

पर्पल पेबल पिक्चर्स के माध्यम से, उन्होंने कई प्रशंसित परियोजनाओं का निर्माण किया है, जिनमें ऑस्कर-नामांकित नेटफ्लिक्स फिल्म “द व्हाइट टाइगर” शामिल है। साथ ही ऑस्कर-नामांकित शार्ट फिल्म ‘अनुजा’ और ऑस्कर-नामांकित डॉक्यूमेंट्री ‘टू किल अ टाइगर’ भी है। वे जल्द ही अपनी एक्शन सीरीज ‘सिटाडेल’ के दूसरे सीजन में नजर आएंगी और इसके बाद वे एस. एस. राजामौली द्वारा निर्देशित एक्शन-एडवेंचर फिल्म ‘वाराणसी’ में दिखाई देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *