UP News: सीएम योगी गोंडा में 520 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार, 2 नवंबर को गोंडा जिले के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वह मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति देते हुए 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड छपिया की ग्राम पंचायत तेजपुर में प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री इस अवसर पर विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक भी सौंपेंगे। इससे क्षेत्र के विकास के साथ-साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा।

मनकापुर और गौरा में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

मनकापुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री 94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 9 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा 160 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 20 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वहीं, गौरा विधानसभा क्षेत्र को भी विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। यहां 53 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 19 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 213 करोड़ रुपये से अधिक की 21 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल होंगे। इसके अलावा विधायक रमापति शास्त्री, प्रभात कुमार वर्मा, विनय कुमार द्विवेदी, प्रतीक भूषण सिंह, प्रेम नारायण पाण्डेय, बावन सिंह और अजय सिंह के साथ जिला पंचायत प्रशासक घनश्याम मिश्र सहित अन्य प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी भी रहेगी।

मुख्यमंत्री का यह दौरा गोंडा के मनकापुर और गौरा क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *