CM Yogi: सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, शिक्षकों के लिए जारी हुए 4 गाइड वीडियो

CM Yogi:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में समग्र शिक्षा अभियान के तहत उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और पीएम श्री विद्यालयों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इन स्कूलों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, डिजिटल लाइब्रेरी और आईएफपी पैनल जैसी तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इन संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के लिए राज्य परियोजना कार्यालय ने चार विशेष गाइड वीडियो तैयार किए हैं। इन्हें विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘निपुण भारत उत्तर प्रदेश’ पर अपलोड किया गया है। इन वीडियो के जरिए शिक्षकों को डिजिटल उपकरणों के सही और प्रभावी उपयोग की जानकारी दी जाएगी।

इस संबंध में अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने निर्देश जारी किए हैं कि सभी शिक्षक इन चारों वीडियो को अनिवार्य रूप से देखें और अपने विद्यालयों में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का रोजाना कक्षा शिक्षण में इस्तेमाल करें। सरकार का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से पढ़ाई को अधिक सरल, आकर्षक और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बनाना है।

शिक्षकों को डिजिटल सुविधाओं के नियमित इस्तेमाल की जिम्मेदारी

राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रदेश के सभी शिक्षकों तक इन गाइड वीडियो की जानकारी पहुंचाई जाए। इसके लिए संयुक्त निदेशक, सहायक निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी और एआरपी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

निर्देशों के मुताबिक, जिन विद्यालयों में आईसीटी से जुड़े उपकरण और अन्य डिजिटल सुविधाएं मौजूद हैं, वहां उनका प्रतिदिन शिक्षण कार्य में उपयोग होना चाहिए। इस व्यवस्था की निगरानी और प्रगति की समीक्षा विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से की जाएगी।

चार वीडियो में समझाई जाएगी डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल की प्रक्रिया

शिक्षकों की सुविधा के लिए तैयार किए गए चारों गाइड वीडियो अलग-अलग डिजिटल संसाधनों के उपयोग पर केंद्रित हैं।

इनमें स्मार्ट क्लास की विशेषताओं और उसके संचालन, आईसीटी लैब के जरिए पढ़ाई को बेहतर बनाने, डिजिटल लाइब्रेरी से विद्यार्थियों को सीखने के नए अवसर उपलब्ध कराने और आईएफपी पैनल के प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।

इस पहल से शिक्षकों को तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी। साथ ही कक्षाओं में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने और पढ़ाई को अधिक संवादात्मक एवं रोचक बनाने का प्रयास किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल का लक्ष्य सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को मजबूत करना और विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाओं से जोड़कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है।

इन लिंक्स पर जानकारी प्राप्त कर सकेंगे शिक्षक
स्मार्ट क्लास: https://youtu.be/gxxqr79-mds?feature=shared⁠

आईसीटी लैब: https://youtu.be/L-k9ils5opA?feature=shared⁠

डिजिटल पुस्तकालय: https://youtu.be/Bt6JVv42HsY?feature=shared⁠

आईएफपी पैनल का सफल उपयोग: https://youtu.be/0ADaSMjVOXM?feature=shared

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *