Ayodhya: दीपोत्सव-2026 में रामकथा पार्क बनेगा खास आकर्षण, 16 फीट लंबे भव्य रामरथ पर विराजेंगे प्रभु श्रीराम

Ayodhya: अयोध्या में दसवें दीपोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में रामकथा पार्क में एक आकर्षक रामरथ का निर्माण किया जा रहा है, जो इस वर्ष के आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। पर्यटन और संस्कृति विभाग की ओर से चयनित मोक्ष एडवर्टाइजिंग एंड इवेंट्स मैनेजमेंट कंपनी के प्रतिनिधि के मुताबिक, इस रामरथ की लंबाई 16 फीट, चौड़ाई 12 फीट और ऊंचाई 15 फीट होगी। रथ पर भगवान श्रीराम के साथ माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी सहित अन्य दिव्य स्वरूपों को स्थान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या का दीपोत्सव हर साल नए आकर्षणों और भव्य आयोजनों के साथ आयोजित किया जाता है। इस बार उत्सव का दसवां वर्ष होने के कारण तैयारियों को विशेष रूप दिया जा रहा है। पूरी रामनगरी को दीपों से सजाने की योजना है, वहीं रामकथा पार्क में बन रहा रामरथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनेगा।

निर्माण से जुड़ी जानकारी के अनुसार, रामरथ को पारंपरिक शिल्पकला और आधुनिक सज्जा के मेल से तैयार किया जा रहा है। इसके निर्माण में प्लाई और कैनवास सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है। 15 फीट ऊंचा यह रथ दूर से ही श्रद्धालुओं का ध्यान खींचेगा। इस पर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के साथ अन्य दिव्य स्वरूपों की प्रस्तुति के जरिए रामकथा की भव्य झांकी देखने को मिलेगी।

लाखों दीपों से जगमगाएंगे घाट, मंदिर और प्रमुख रास्ते

दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या के घाटों, मंदिरों और प्रमुख सड़कों को लाखों दीपों से रोशन किया जाएगा। योगी सरकार इस आयोजन को धार्मिक आस्था के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रही है। उत्सव के दौरान बीते वर्षों की तरह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रामलीला और भक्ति संगीत के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर भी रहेगा जोर

दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभाग सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन की तैयारियों में जुटे हैं। आगंतुकों की सुविधा के लिए पर्याप्त पार्किंग, पेयजल और चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

भव्य रामरथ और लाखों दीपों की रोशनी के साथ अयोध्या का दसवां दीपोत्सव आस्था, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। रामकथा पार्क में तैयार हो रही यह झांकी श्रद्धालुओं को रामायण के दिव्य प्रसंगों से जोड़ने का माध्यम बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *