Barabanki: बाराबंकी में दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत, तीन लोग घायल

Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गये , पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बाराबंकी जिले के दरियाबाद क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक पुरानी दीवार गिरने से उसके मलबे में दबने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गयी और तीन अन्य जख्मी हो गये।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के गुलचप्पा कलां अलियाबाद गांव में आज पांच बच्चे खेलते वक्त गांव की एक गली से गुजर रहे थे, तभी सालों पुरानी ईंट की दीवार अचानक ढह गयी, जिसके मलबे में वे दब गये। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार दीवार गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आये और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मलबे में दबे बच्चों को निकाला लेकिन तब तक हुजैफा (सात) और हाजरा बानो (14) की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि घटना में हस्सान (आठ), हानिया (चार) और अदनान (14) गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनका इलाज जारी है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस दीवार के गिरने से यह हादसा हुआ, वो लंबे समय से जर्जर थी और लगातार बारिश के कारण उसकी हालत और भी ज्यादा खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि कई बार दीवार के मालिक से इसे गिराने या मरम्मत कराने की मांग की गयी थी, लेकिन किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई।

पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *