Ayodhya: दीपोत्सव-2026 से पहले राम की पैड़ी को मिला नया पर्यटन स्वरूप

Ayodhya: अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की तैयारियों के बीच राम की पैड़ी पर्यटकों के लिए नए आकर्षण के रूप में उभर रही है। सरयू तट पर करीब 23.68 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना में ओपन एयर थिएटर, विजिटर गैलरी, सेल्फी प्वाइंट और दर्शक दीर्घा जैसी सुविधाएं तैयार की गई हैं। इसके साथ ही परिसर में आकर्षक प्रवेश द्वार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच, म्यूरल वॉल और पत्थर से बनी कलात्मक संरचनाएं भी स्थापित की गई हैं। इन विकास कार्यों से राम की पैड़ी को नया स्वरूप मिला है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने की तैयारी है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक, श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के अंतर्गत पर्यटन विभाग ने इस परियोजना के दूसरे चरण में राम की पैड़ी का विस्तार और सौंदर्यीकरण कराया है। इसके तहत ओपन एयर थिएटर के साथ भव्य प्रवेश द्वार और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए मंच बनाया गया है। कार्यक्रमों को देखने के लिए दर्शक दीर्घा विकसित की गई है। वहीं, विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट पर्यटकों को परिसर में घूमने और यादगार पल संजोने का अवसर देंगे।

परियोजना के तहत राम की पैड़ी की स्थापत्य सुंदरता को निखारने के लिए छह पत्थर की छतरियां और छह स्टोन ज्योति दीप बनाए गए हैं। इसके अलावा स्टोन स्तंभ, प्लांटर और जालियों का निर्माण भी किया गया है। परिसर में हरित क्षेत्र विकसित करने के साथ पर्यटकों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए दिशा सूचक लगाए गए हैं। यहां शिलालेख और बेहतर प्रकाश व्यवस्था की सुविधा भी तैयार की गई है। म्यूरल वॉल सहित कई अन्य निर्माण कार्यों के जरिए इस स्थल को अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनाया गया है।

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरयू तट पर विकसित ये नई सुविधाएं अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाएंगी। दीपोत्सव के दौरान शहर में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने में मददगार होगा। उन्होंने बताया कि यह परिसर केवल दीपोत्सव-2026 के लिए ही नहीं, बल्कि सालभर अयोध्या आने वाले पर्यटकों के उपयोग के लिए तैयार किया गया है। ओपन एयर थिएटर, दर्शक दीर्घा और अन्य आकर्षण यहां सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन को भी नई जगह देंगे।

अपर मुख्य सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन अमृत अभिजात ने कहा कि अयोध्या में पर्यटन विकास की पहल का मकसद पर्यटकों को सुविधाएं देने के साथ उन्हें शहर की आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक परंपराओं और सरयू तट के प्राकृतिक परिवेश से जोड़ना है। राम की पैड़ी पर तैयार की गई व्यवस्थाएं इसी दिशा में उठाया गया कदम हैं। उनके अनुसार, ओपन एयर थिएटर और दर्शक दीर्घा से यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि विकसित परिसर पर्यटकों को अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा अनुभव प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *