Ladakh Marathon: लद्दाख मैराथन की पुरस्कार राशि एक करोड़ रुपये कर दी गई है। आयोजकों ने शनिवार को यह घोषणा की। लद्दाख मैराथन 10 से 13 सितंबर तक आयोजित की जाएगी और इसमें लगभग 10000 धावकों के भाग लेने की संभावना है।
आयोजकों ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा,, ‘‘इस वर्ष इस प्रतियोगिता में भारत के 28 राज्यों और छह केंद्र शासित प्रदेशों के धावक भाग लेंगे। इसके अलावा दुनिया भर के धावक भी इसमें अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।’’
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रशासनिक सचिव संजीत रोड्रिग्स ने कहा, ‘‘केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल ने पुरस्कार राशि को बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने का फैसला किया है जो इस प्रतियोगिता की वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत करने, खेल पर्यटन को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर पैदा करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’
इस प्रतियोगिता में फुल मैराथन, हाफ मैराथन, 11.2 किमी दौड़ और पांच किमी की दौड़ ‘रन फॉर फन’ के साथ-साथ दुनिया की दो सबसे चुनौतीपूर्ण लंबी दूरी की दौड़ 72 किमी खारदुंग ला चैलेंज और 122 किमी. सिल्क रूट अल्ट्रा भी शामिल हैं।