Amarnath Yatra: खराब मौसम और तीर्थयात्रियों की संख्या में कमी के कारण रोकी गई अमरनाथ यात्रा

Amarnath Yatra:  जम्मू कश्मीर में अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम, अगले कुछ दिनों में भारी बारिश के अनुमान और तीर्थयात्रियों की संख्या में कमी के कारण जम्मू से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई।

उन्होंने बताया कि आज सुबह तीर्थयात्रियों के किसी भी नए जत्थे को भगवती नगर बेस कैंप से कश्मीर घाटी के लिए जाने की इजाजत नहीं दी गई। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है और मौसम तथा जम्मू श्रीनगर नेशनल हाईवे की हालत के आधार पर तीर्थयात्रियों की आवाजाही की समीक्षा करेगा। ये हाईवे कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली एकमात्र ऐसी सड़क है जो हर मौसम में खुली रहती है।

तीन जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 4.75 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ की 3,880 मीटर ऊंची पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। 57 दिनों तक चलने वाली ये यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन खत्म होगी।

मौसम विभाग की ओर जारी सलाह के मुताबिक जम्मू क्षेत्र में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, साथ ही 11 अगस्त तक अचानक बाढ़ और भूस्खलन का भी खतरा है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह हल्की से मध्यम बारिश के बावजूद जम्मू श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक सुचारू रूप से चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *