DC vs CSK: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में जीत के लिए दो बेताब टीम आमने-सामने होंगी – चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स। डीसी को लगातार तीन हार का सामना करना पड़ा है। हार का सिलसिला तोड़ने के लिए उन्हें शानदार और बेहद खराब प्रदर्शन के बीच झूलना बंद करना होगा।
दोनों टीम नौ मैच खेल चुकी हैं। तालिका में दोनों के आठ-आठ अंक हैं। अब सिर्फ पांच मैच बचे हैं। लिहाजा किसी भी टीम के पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं है। हार की हैट्रिक के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार को जयपुर में शानदार और सटीक बल्लेबाजी की।
डीसी को दो हार घरेलू मैदान पर मिली है। इससे ड्रेसिंग रूम में निराशा का आलम था। पहले पंजाब किंग्स ने 265 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा कर लिया था और फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की मजबूत तेज गेंदबाजी के सामने डीसी की कमजोर बल्लेबाजी की पोल खुल गई थी।
इस फेहरिस्त में गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक रन से दर्दनाक हार भी शामिल है। डीसी को पूरी उम्मीद थी कि वो ये मैच जरूर जीतेगी। सीएसके के साथ मैच से पहले डीसी के लिए सबसे अच्छी बात ये है कि के. एल. राहुल का साथ देने के लिए सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका लय हासिल कर रहे हैं, जबकि तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क गेंदबाजी में धार ला रहे हैं।
सीएसके के करिश्माई खिलाड़ी एम. एस. धोनी पूरी तरह फिट नहीं हैं। वे इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। सीएसके की चार जीत में से दो मुंबई इंडियंस के खिलाफ है, जबकि एक जीत चेपॉक में डीसी के खिलाफ ही मिली थी। इस मुकाबले में भी रुतुराज गायकवाड़ और उनकी टीम उस प्रदर्शन से मिले आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी।