Cricket: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में बाएं हाथ के स्पिनरों के सामने अपने निराशाजनक प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए इस तरह की गेंदबाजों के सामने कड़ा अभ्यास किया। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में शुभमन गिल बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या के हाथों दो बार आउट हुए। इस मैच में उन्होंने 16 और आठ रन बनाए, भारत ने ये मैच 165 रन से जीता।
दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से यहां शुरू होगा। गिल सही लाइन का अनुमान नहीं लगा पाने के कारण बाएं हाथ के परंपरागत गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते हुए नजर आते हैं। पहले टेस्ट मैच में भी जयसूर्या को खेलने में उन्हें परेशानी हो रही थी। टेस्ट क्रिकेट में 42 मैचों में गिल को बाएं हाथ के स्पिनरों ने 11 बार आउट किया है।
शुभमन गिल ने सिंहली स्पोर्ट्स क्लब के नेट पर बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ जमकर अभ्यास किया। उन्होंने काफी समय तक मानव सुथार, रविंद्र जडेजा और कुछ स्थानीय गेंदबाजों का सामना किया। शुभमन गिल का ऑफ-स्पिनरों और लेग-स्पिनरों के खिलाफ बेहतर रिकॉर्ड है। इस तरह के गेंदबाजों के खिलाफ उनका संयुक्त औसत 61 है, जबकि सभी प्रकार के स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ उनका करियर औसत 48 है।
पहले टेस्ट मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव टीम के साथ अभ्यास के लिए पहुंचे थे लेकिन उन्होंने न तो गेंदबाजी की और न ही बल्लेबाजी। दूसरी तरफ ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने ऋषभ पंत और शुभमन गिल को कुछ ओवर फेंके। उन्होंने पंत को दो मौकों पर मुश्किल में भी डाला। लेकिन अभी यह कहना मुश्किल है कि दूसरे टेस्ट मैच में कुलदीप की जगह जैन को मिलेगी।
पहले टेस्ट मैच में कुलदीप संघर्ष करते हुए नजर आए। उन्होंने 25 ओवर में 103 रन लुटाए और केवल एक विकेट लिया। यह विकेट भी उन्हें गिल के शानदार कैच के कारण मिला। सलामी बल्लेबाज और उप-कप्तान के.एल. राहुल नेट प्रैक्टिस से अनुपस्थित थे, जबकि मध्य क्रम के बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने थोड़ी देर के लिए बल्लेबाजी की। पहले टेस्ट में राहुल और जुरेल दोनों ने ही अर्धशतक बनाकर भारत की जीत में अहम योगदान दिया था।