Asian Games: नीरू-काइनन की जोड़ी को ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में जीता स्वर्ण पदक

Asian Games: व्यक्तिगत वर्ग में खिताब जीतने वाली नीरू ढांडा ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए काइनन चेनाई के साथ मिलकर बुधवार को एशियाई खेलों की निशानेबाजी प्रतियोगिता की ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, भारतीय जोड़ी ने इस दौरान नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। भारतीय जोड़ी ने चौथे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। उन्होंने फाइनल में 34 का स्कोर बनाया।

कतर के मोहम्मद अल रुमैही और रे बासिल ने 32 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। इससे पहले कतर के नाम पर 30 अंक का एशियाई रिकॉर्ड दर्ज था, जो उन्होंने इसी साल जनवरी में बनाया था। चीन की क्यूई यिंग और सन युनोंग को 23 अंक के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। नीरू ने इस तरह से एशियाई खेलों में अपने अभियान का शानदार अंत किया। वह मंगलवार को महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली निशानेबाज बनीं थीं और इस दौरान उन्होंने नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया था।

इससे पहले उन्होंने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया था। इस तरह से उन्होंने तीन पदक अपनी झोली में डाले। इस स्पर्धा में भाग लेने वाली 12 टीमों में से कुल चार टीम ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। क्वालीफाइंग में भारत ने 136 का स्कोर बनाया था। चीन 150 में से 142 अंकों के साथ क्वालीफाइंग में शीर्ष पर रहा। उसके बाद कतर (139) और ईरान (138) का स्थान रहा।

क्वालीफाइंग राउंड में दोनों भारतीयों में काइनन ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कुल 73 अंक हासिल किए, जबकि नीरू ने 63 अंक बनाए। काइनन ने फाइनल में भी लगातार अच्छे शॉट लगाकर अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखा, वहीं नीरू ने भी लड़खड़ाती शुरुआत के बाद जोरदार वापसी की। काइनन के पिता डेरियस भी राष्ट्रीय स्तर के शॉटगन निशानेबाज थे। काइनन ने अपनी और नीरू की जोड़ी को भाग्यशाली करार दिया। इससे पहले यह दोनों इस साल विश्व कप में कांस्य पदक जीत चुके थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि हम मिश्रित टीम के रूप में जोड़ी बनाकर रखेंगे, लेकिन यह सब महासंघ पर भी निर्भर करता है।’’ नीरू ने कहा कि क्वालीफाइंग राउंड में उनका स्कोर उतना अच्छा नहीं रहा। उन्होंने कहा, ‘‘कल की प्रतियोगिता के कारण शरीर में अकड़न आ गई थी तथा बारिश व ठंड का शरीर पर बुरा असर पड़ा।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *