Rahul Gandhi: भारत के 40 करोड़ युवा उसकी सबसे बड़ी ताकत है, छात्रों की गूंज कार्यक्रम में बोले राहुल गांधी

Rahul Gandhi:  कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भारत के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी क्षमता दुनिया में बेजोड़ है। प्रयागराज के केपी ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के संबोधन में गांधी ने कहा, “आप भारत की ताकत और गौरव हैं। जब मैं यह कहता हूं, तो मैं हर भारतीय नागरिक की बात कर रहा होता हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “आज शाम मैं आपसे दर्द, डेटा और दौलत के बारे में बात करना चाहता हूं।” लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि भारत के 40 करोड़ युवा देश की “सबसे बड़ी ताकत” हैं। उन्होंने कहा कि जहां अमेरिका, चीन और रूस की बहुत चर्चा होती है, वहीं “भारत के युवा बेजोड़ हैं।” गांधी ने देश में शैक्षिक डिग्रियों के महत्व में आई गिरावट पर भी चिंता जताई।

उन्होंने कहा, “आज भारत में शिक्षा प्रमाणपत्रों का कोई मतलब नहीं है क्योंकि वे आपको नौकरी नहीं दिला सकते।” गांधी ने कहा कि देश में रोजगार के सभी रास्ते बंद हैं। उन्होंने कहा कि विनिर्माण में गिरावट, लोन मिलने में दिक्कतें, परीक्षा के पेपर लीक होना और कृत्रिम मेधा (एआई) द्वारा नौकरियों की जगह लेना युवाओं के भविष्य की संभावनाओं को नुकसान पहुंचा रहा है।

देश भर में हाल ही के छात्र विरोध प्रदर्शनों पर गांधी ने कहा कि युवाओं ने अपने डर का सामना करके “अंधेरे में रोशनी जलाई” और ऐसा करके देश को बदलने में मदद की। गांधी ने कहा, “हम कभी भी नफरत या हिंसा का सहारा नहीं लेंगे। हम प्यार और स्नेह से व्यवस्था बदलेंगे।” उन्होंने युवाओं से भी ऐसा ही करने का आग्रह किया।

गांधी ने छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों की एक बड़ी भीड़ को संबोधित किया, जो जगह-जगह पानी जमा होने और कीचड़ के बावजूद वहां पहुंचे थे। गांधी के आने से पहले मुंबई के रैपर्स ने डांस परफॉर्मेंस दी।

इस चर्चित कार्यक्रम से पहले, शुक्रवार को कांग्रेस ने शहर में एक मोटरसाइकिल रैली निकाली, जिसकी अगुवाई पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने की। कार्यक्रम में मौजूद छात्रों ने हॉस्टल की समस्याओं और प्रतियोगी परीक्षा से जुड़ी चिंताओं के बारे में बताया और कहा कि वे गांधी के सामने ये बातें रखना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *