New Delhi: संयुक्त राष्ट्र की उप महासचिव अमीना जे. मोहम्मद 26 से 28 अगस्त तक भारत के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह नई दिल्ली में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगी और संयुक्त राष्ट्र तथा भारत के बीच सहयोग के साथ-साथ सतत विकास को आगे बढ़ाने में भारत की भूमिका पर चर्चा करेंगी।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बताया कि अमीना मोहम्मद की यात्रा का मुख्य फोकस यूएन-भारत सहयोग और सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में भारत की भागीदारी पर रहेगा। भारत यात्रा के दौरान अमीना मोहम्मद भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) के छात्रों से भी संवाद करेंगी। इस बातचीत में सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के समर्थन में डिजिटल नवाचार की संभावनाओं और इससे जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
अमीना मोहम्मद इससे पहले जुलाई 2023 में भारत आई थीं। उस दौरान उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की थी और बेंगलुरु में डिजिटल तकनीक के क्षेत्र के विशेषज्ञों तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की थी।
अमीना जे. मोहम्मद नाइजीरिया की हैं और फरवरी 2017 से संयुक्त राष्ट्र की उप महासचिव के पद पर कार्यरत हैं।