Monsoon Session: हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र के आखिरी दो दिन शेष हैं, ऐसे में सभी की नजरें लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पर बनी हुई है। संसद में दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व जज यशवंत वर्मा पर लगे आरोपों पर जांच रिपोर्ट पेश की जाएगी। वहीं, राज्यसभा में केरल नाम परिवर्तन विधेयक पेश किया जाएगा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सांसदों से आग्रह किया कि वे हंगामा या किसी तरह की बाधा न डालें और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने दें। हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

सांसदों ने किया प्रदर्शन-

झारखंड से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों ने बुधवार को रांची में छात्र प्रदर्शनकारियों पर हाल ही में हुए लाठीचार्ज के खिलाफ संसद में प्रदर्शन किया। इसी दौरान उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी पर ‘दोहरा रवैया’ अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली में छात्र प्रदर्शनों का समर्थन करते हैं। लेकिन झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)-कांग्रेस गठबंधन सरकार की ओर से छात्रों के साथ किए गए ‘बर्बर’ व्यवहार पर चुप हैं।

इसके जवाब में विपक्षी सांसदों ने भी प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। विपक्षी सांसदों ने ‘अमित शाह जवाब दो’ के नारे लगाए। विपक्ष का निशाना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रहे। उन्होंने दिल्ली और दूसरे राज्यों में छात्रों के खिलाफ पुलिस की ओर से कथित तौर पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग का मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने देशभर में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ लाठी और पैलेट गन समेत कथित तौर पर अत्यधिक बल प्रयोग किए जाने को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि जब युवा अपने भविष्य के लिए आवाज उठाते हैं, तो उनके साथ किए गए व्यवहार के लिए जिम्मेदार कौन है। प्रियंका गांधी ने कहा, आपको क्या लगता है, इसके लिए कौन जिम्मेदार है? जब हजारों छात्र एक साथ आते हैं और उनकी एक मांग होती है, तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं। उन पर पैलेट गन चलाई जाती हैं और बिहार में उनके खिलाफ एके-47 का इस्तेमाल किया जाता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *