USA: भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की

USA:  अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री एस. पॉल कपूर से मुलाकात कर अलग-अलग क्षेत्रों में दोनों देशों की द्विपक्षीय साझेदारी पर चर्चा की। एस. पॉल कपूर, उप-सहायक विदेश मंत्री बेथनी पॉलोस मॉरिसन और अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अन्य अधिकारियों ने बुधवार को विनय मोहन क्वात्रा के आधिकारिक आवास पर उनसे मुलाकात की।

भारतीय राजदूत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘सहायक विदेश मंत्री एस. पॉल कपूर और उनकी टीम की ‘इंडिया हाउस’ में मेजबानी करके प्रसन्नता हुई। हमने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय साझेदारी के अलग-अलग पहलुओं से जुड़ी प्रगति पर चर्चा की।’’

एस. पॉल कपूर ने इस महीने की शुरुआत में भारत का दौरा किया था और ‘ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन’ और अमेरिका के ‘नेवल पोस्टग्रेजुएट स्कूल’ की साझेदारी में आयोजित अमेरिका-भारत रणनीतिक संवाद को संबोधित किया था।

एस. पॉल कपूर ने पांच अगस्त को एक पोस्ट में कहा था, ‘‘नेवल पोस्टग्रेजुएट स्कूल और ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन के अमेरिका-भारत रणनीतिक संवाद के दौरान क्वाड (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद), व्यापार, सुरक्षा और ऊर्जा सहयोग समेत विभिन्न क्षेत्रों में हमारे द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा कर मुझे खुशी हुई। हम मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपने साझा हितों को मिलकर आगे बढ़ा रहे हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *