Share Market: कच्चे तेल में तेजी से घरेलू शेयर बाजार में सुस्ती, सेंसेक्स 417 अंक फिसला

Share Market: कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में तेज उछाल और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव में मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 417 अंकों के नुकसान में रहा जबकि निफ्टी 97 अंक गिरकर बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 416.72 अंक यानी 0.54 प्रतिशत गिरकर 76,886.91 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय ये 562.57 अंक तक लुढ़ककर 76,741.06 तक पहुंच गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 97 अंक यानी 0.40 प्रतिशत गिरकर 23,995.70 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के समूह में शामिल 30 कंपनियों में से एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक, इंटरग्लोब एविएशन, मारुति सुजुकी, भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इसके विपरीत, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा और सन फार्मा के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।

वैश्विक अनिश्चितता के बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब 2.97 प्रतिशत उछलकर 111.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जिससे निवेशकों की धारणा पर नकारात्मक असर पड़ा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,151.48 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, “पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद रहने से निवेशकों की धारणा कमजोर हुई है।”

उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों का 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जाना, रुपये का 94.5 के ऊपर चले जाना और एफआईआई की लगातार निकासी से भारतीय बाजार पर दबाव बना हुआ है। एशिया के और बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त के साथ बंद हुआ।

यूरोपीय बाजारों में सकारात्मक रुख देखने को मिला जबकि अमेरिकी बाजार सोमवार को स्थिर बंद हुए थे। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 639.42 अंक चढ़कर 77,303.63 और निफ्टी 194.75 अंक बढ़कर 24,092.70 पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *