Kolkata: पश्चिम बंगाल में दक्षिण कोलकाता के ‘त्रिधारा सम्मिलनी’ दुर्गा पूजा पंडाल के प्रवेश द्वार पर विशालकाय ड्रैगन दिखाई देते हैं, जो इस साल की थीम ‘सुर-असुर’ यानी अच्छाई और बुराई के बीच शाश्वत संघर्ष की पृष्ठभूमि तैयार करते हैं। पंडाल के भीतर, देवी दुर्गा को इन ड्रैगनों के ऊपर विराजमान दिखाया गया है, जो प्रकाश और अच्छाई के प्रतीक के रूप में चमक रही हैं। ‘त्रिधारा’ समिति के लिए दुर्गा पूजा उत्सव आयोजन का यह 80वां वर्ष है।
सुरजीत चक्रवर्ती, सचिव, त्रिधारा सम्मिलनी “ये ‘सुर-असुर’ शिव-शक्ति जो है उसके साथ असुर की लड़ाई और उसमें ये ड्रैगन जो बना हुआ है, ये ड्रैगन अशुभ शक्ति है और शिव-शक्ति मां एक दम शांत स्वभाव से बैठा हुआ है ड्रैगन का वध करके। हर वक्त मां का जीत होता है यही आर्टिस्ट ने समझाना चाहा है।”
पिछले कई दशकों में, त्रिधारा सम्मिलनी ने पंडाल की अनोखी थीम पेश करने के लिए अपनी एक खास पहचान बनाई है। इस साल नई कड़ी जुड़ रही है। यहा आए लोगों का कहना है कि “यह ड्रैगन की थीम पर आधारित है, जिन्हें चीनी संस्कृति में दिव्य माना जाता है। यह बहुत सुंदर है, इसलिए आपको जरूर आना चाहिए।”
“बहुत बढ़िया, बहुत बढ़िया। ये त्रिधारा वाला हर बार बहुत बढ़िया करता है। इस बार भी एक दम अपने यूनिक स्टाइल के लिए जाना जाता है। इसलिए लोग यहां पर सुबह हो, रात हो जब हो यहां पर लोग चले ही आते हैं।” पंडाल तैयार है और लोग इसका दीदार करने के लिए पहुंचने लगे हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि दुर्गा पूजा उत्सव के खास दिनों में सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ेगी।