Kapil Sharma: कपिल शर्मा का ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ सीजन 5 नेटफ्लिक्स पर वापसी के लिए तैयार

Kapil Sharma: नेटफ्लिक्स अपने लोकप्रिय कॉमेडी गैंग को ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 5’ के साथ एक बार फिर दर्शकों के बीच लाने के लिए तैयार है। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ दर्शकों के साथ ‘हंसी का त्यो-हा-हा-हार’ मनाने के लिए वापसी कर रहा है।

कपिल शर्मा की अगुवाई में इस बार भी सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, अर्चना पूरन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू की पसंदीदा टोली अपने खास अंदाज और जबरदस्त मस्ती के साथ नजर आएगी। एक प्रेस रिलीज के अनुसार, सीजन 5 में ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का वही मजेदार अंदाज देखने को मिलेगा, लेकिन इस बार यह और भी बड़ा, ज्यादा क्रेजी और उम्मीद से परे मजेदार होने वाला है।

इस बार शो में मेहमानों का मिश्रण भारत की विविधता, अलग-अलग किरदारों और रंगों को सामने लाएगा और उनका पूरे दिल से जश्न मनाया जाएगा। एक और सीजन में वापसी को लेकर कपिल शर्मा ने कहा, “हर सीजन में हमें लगता है कि हमने काफी मस्ती कर ली है, लेकिन फिर एहसास होता है कि अभी मस्ती खत्म नहीं हुई है! और शायद यही चीज हमें आगे बढ़ाती रहती है। हम बेहद आभारी हैं कि दुनियाभर में दर्शकों ने नेटफ्लिक्स पर ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ को इतना प्यार दिया। इस बार हम आने वाले त्योहारों को पूरे उत्साह के साथ मनाने जा रहे हैं, चाहे दिवाली हो या क्रिसमस। बस लिफाफे अर्चना जी से दूर रखिए, बाकी हम हंसी का त्योहार लेकर आ ही रहे हैं!”

नेटफ्लिक्स की सीरीज हेड तान्या बामी ने कहा, “जैसे-जैसे हम अलग-अलग आवाजों, फॉर्मेट और अंदाज के साथ अपनी कॉमेडी लाइन-अप को आगे बढ़ा रहे हैं, ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ ने एक खास और हमेशा पसंद किए जाने वाले पारिवारिक मनोरंजन कार्यक्रम के रूप में अपनी जगह बनाई है। अब अपने पांचवें सीजन में यह शो इस बात का प्रमाण है कि हमारा चुना हुआ फॉर्मेट हर उम्र के दर्शकों को एक साथ ला रहा है और एक साझा सांस्कृतिक अनुभव बना रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि छह महीने के अंतराल के बाद शो की वापसी को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ रही थी और त्योहारी सीजन की शुरुआत में शानदार मेहमानों की लाइन-अप के साथ इसे वापस लाने को लेकर नेटफ्लिक्स उत्साहित है। इस सीजन का मकसद ‘हर टाइप का फनी’ पेश करना है, जिसमें कपिल अपने ‘कॉमेडी किंग’ के खिताब को पूरी तरह साबित करते नजर आएंगे। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 5’ का प्रीमियर 26 सितंबर को होगा। इसके नए एपिसोड हर शनिवार रात 8 बजे केवल नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *