Kangana Ranaut: कॉकरोच जनता पार्टी का नीट प्रोटेस्ट खत्म होने के बाद से ही कंगना रनौत कई तरह के बयान दे रही हैं। अपने इन बयानों की वजह से वो लगातार विवादों से घिरी भी रहती हैं। अब अभिनेत्री ने एक इंस्टाग्राम वीडियो में जागृत हिंदू बनने की बात कही। साथ ही इंस्टाग्राम स्टोरी भी लगाई, जिसमें बिना नाम लिए एक बॉलीवुड अभिनेत्री पर निशाना साधा है।
कंगना ने उठाए सवाल-
सोमवार को संसद जाने से पहले कंगना रनौत ने एक वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। इसमें वह कहती हैं, ‘ऐसी कई हिंदू लड़कियां हैं जिन्हें हम इंडस्ट्री में जानते हैं, उनको करीब से देखा है। वह हिंदू हैं लेकिन जब राजनीति या धर्म की बात आती है तो वास्तव में उनके पास कोई तय विचारधारा नहीं होती है। आमतौर पर युवाओं के मामले में ऐसा होता है क्योंकि वो बहुत तटस्थ होते हैं।’
कंगना ने आगे कहा, ‘लेकिन जैसे ही वो किसी धर्म विशेष व्यक्ति के साथ किसी रिश्ते में आती हैं, चाहे वह शादी हो या दोस्ती, उनकी सोच पक्की हो जाती है। वो अधिक कट्टरपंथी या वामपंथी हो जाती हैं। मेरा मानना है कि यह कोई समस्या नहीं है क्योंकि संविधान आपको यह स्वतंत्रता देता है। आप जो भी धर्म या विचारधारा चुनें, उसे अपनाने के लिए स्वतंत्र हैं।’
उन्होंने कहा कि मैं खुद को डिफेंड नहीं करूंगी कि आइटम सॉन्ग के खिलाफ, नेपोटिज्म के खिलाफ मैंने आवाज उठाई। पहले मैं भी एक उदारवादी हिंदू थी। आज मैंने खुद को डिफेंड किया है क्योंकि ना जाने कितनी बेटियां यह कदम नहीं उठा पाएंगी। इसके बावजूद मुझे ताने कसे जाते हैं। वो लोग कहते हैं कि तुम कब से संघी बन गई? अरे, मुझे संघी बनना है। मुझे बीजेपी, आरएसएस की विचारधारा अपनानी है। मुझे जागृत हिंदू बनना है।’