Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर पुलिस की राज्य अन्वेषण एजेंसी (एसआईए) ने 1990 में एक कश्मीरी पंडित लेखक और उनके बेटे की हत्या के सिलसिले में केंद्र शासित प्रदेश में कई जगहों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने बुधवार को ये जानकारी दी।
एसआईए ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले और जम्मू के बाग-ए-बाहु इलाके सहित नौ जगहों पर तलाशी ली। ये छापेमारी अनंतनाग जिले में कोकरनाग स्थित सोफ शाली के रहने वाले कश्मीरी पंडित लेखक और समाज सेवी सर्वानंद कौल ‘प्रेमी’ और उनके बेटे वीरेंद्र कौल के अपहरण और उनकी हत्या के 36 साल पुराने मामले में एसआईए की जांच का हिस्सा है।
आतंकवादियों ने 29 अप्रैल 1990 को ‘प्रेमी’ और उनके बेटे का अपहरण कर लिया था। उनके शव एक मई 1990 को बरामद किए गए थे, जिसके बाद डूरू थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह जम्मू के बाग-ए-बाहु इलाके की शहबाज कॉलोनी में छापेमारी की गई। अनंतनाग में भी कई जगहों पर तलाशी ली गई।