Ukraine: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिकी दूत कीव और मॉस्को, दोनों जगह बैठकें करेंगे। उनके अनुसार अमेरिका का इस मामले में शामिल रहना जरूरी है। जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में वे कीव में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूतों की मेजबानी करेंगे, ताकि रूस के हमले को खत्म करने की कोशिशें फिर से शुरू की जा सकें।
रूस और यूक्रेन युद्ध खत्म करवाने की कूटनीतिक कोशिशें हाल के महीनों में धीमी पड़ गई हैं क्योंकि अमेरिका का ध्यान ईरान के साथ चल रहे युद्ध पर है। जेलेंस्की ने अपने रात के संबोधन में कहा, “हमें उम्मीद है कि अमेरिकी राष्ट्रपति के दूत कीव आएंगे। हमें उनकी तरफ से इसकी पुष्टि मिल गई है।”
उन्होंने कहा, “वे मॉस्को और कीव में बैठकें करेंगे। हमें आने वाले दिनों में एक बैठक की उम्मीद है।”
ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत के लिए कूटनीतिक प्रयासों में शामिल रहे हैं और कई बार मॉस्को की यात्रा कर चुके हैं।