Monsoon: मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का एक स्पष्ट सिस्टम अब आगे बढ़ रहा है। इसकी वजह से राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश का अनुमान है। इसे देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, इस सीजन में राजस्थान में कुल मानसून बारिश सामान्य से कम रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अब तक लगभग 300 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो मौसमी औसत से करीब 22 प्रतिशत कम है। वहीं, ओडिशा में मानसूनी बारिश की तस्वीर बदली-बदली दिख रही है। राज्य में मौजूदा सीजन में जरूरत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
राज्य में एक जून से अब तक 1,170 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई है, जो सामान्य से लगभग 25 प्रतिशत ज्यादा है। अगले पांच दिनों में ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है।