Pakistan: पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने शहबाज शरीफ की सरकार के भविष्य को लेकर लगाई जा रही अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि यह सरकार अपना पांच साल का संवैधानिक कार्यकाल पूरा करेगी। नकवी ने कहा, “सरकार के कहीं जाने का कोई सवाल ही नहीं है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ अपना पांच साल का संवैधानिक कार्यकाल पूरा करेंगे।”
उनके ये बयान पिछले हफ्ते की उन टिप्पणियों के बाद आई राजनैतिक अटकलों के बीच आए हैं, जिनमें उन्होंने सार्वजनिक रूप से पाकिस्तान के शासन ढांचे की आलोचना की थी। उन्होंने इसे गंभीर रूप से दोषपूर्ण बताया था और नए प्रांत बनाने की वकालत की थी, पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी के हालिया दावे के बाद इन अटकलों को और बल मिला कि “शहबाज सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है”।
इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए नकवी ने कहा कि वे अपने कामकाज के लिए प्रधानमंत्री के प्रति पूरी तरह जवाबदेह हैं। उन्होंने अपने मंत्रालय सहित सभी संघीय मंत्रालयों के स्वतंत्र तीसरे पक्ष (थर्ड-पार्टी) से मूल्यांकन की मांग की और कहा कि इसके नतीजे सार्वजनिक किए जाएं। नकवी ने माना कि उनके कामकाज पर सवाल उठाए गए हैं, लेकिन उनके काम का आकलन करने के लिए केवल प्रधानमंत्री ही सही अधिकारी हैं।
उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री से सभी मंत्रालयों के स्वतंत्र ऑडिट का आदेश देने का अनुरोध करेंगे और इसके नतीजे सार्वजनिक किए जाएंगे। शासन व्यवस्था पर बात करते हुए नकवी ने तर्क दिया कि पाकिस्तान का प्रशासनिक ढांचा, जो लगभग आठ दशकों से लागू है, बुनियादी तौर पर दोषपूर्ण है। उन्होंने कहा, “अगर यह व्यवस्था प्रभावी ढंग से काम करती, तो देश ने कहीं ज्यादा आर्थिक और संस्थागत प्रगति की होती।”
नकवी ने कहा कि शहबाज शरीफ रोजाना 14 से 16 घंटे काम करते हैं और उन्हें भरोसा है कि अगर सरकार का सारा माहौल बेहतर हो जाए, तो सरकार “हजार गुना बेहतर नतीजे” दे सकती है।