Nepal: नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में सुबह एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हुआ, एवरेस्ट क्षेत्र के फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय ‘फिशटेल एयर’ और ‘एयर डायनेस्टी’ के दो हेलीकॉप्टर आपस में भिड़ गए। हादसा सुबह करीब 8:11 बजे हुआ, जिसमें एक विदेशी नागरिक की जान चली गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया।
राष्ट्रीय दैनिक ‘अन्नपूर्णा पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नबिन राजा बुढाथोकी ने घटना की पुष्टि की है।
यह दुर्घटना खुम्बु पासांग ल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर चार में स्थित फेरिचे हेलीपैड पर हुई। यह इलाका खुम्बु घाटी में आता है और एवरेस्ट क्षेत्र का हिस्सा है।
राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ‘राष्ट्रीय समाचार समिति’ के अनुसार, दोनों हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर लैंडिंग कर रहे थे, तभी उनके बीच टक्कर हो गई। हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत और एक अन्य यात्री के घायल होने की सूचना है।