Canada: कनाडा और EU के बीच जून तक पूरी हो सकती है साझेदारी पर बातचीत, कार्नी ने जताई उम्मीद

Canada:  कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने उम्मीद जताई कि यूरोपीय संघ (EU) के साथ प्रस्तावित साझेदारी को लेकर चर्चा जून तक पूरी हो जाएगी। इस समझौते के बाद कनाडा, यूरोपीय संघ का पहला एसोसिएट सदस्य बन सकता है। इस पहल का उद्देश्य दोनों पक्षों के आर्थिक और सुरक्षा सहयोग को नई मजबूती देना है। हालांकि, इस संबंध में जारी संयुक्त बयान में कनाडा को एसोसिएट सदस्य का दर्जा देने का कोई उल्लेख नहीं किया गया।

कार्नी ने बताया कि वह जून में यूरोपीय नेताओं की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस दौरान कनाडा और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित विशेष साझेदारी को लेकर बातचीत को अंतिम रूप देने की कोशिश होगी। यह व्यवस्था EU की पूर्ण सदस्यता से अलग होगी।

कनाडाई प्रधानमंत्री ने कहा, “हम एक मजबूत और व्यापक साझेदारी विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसके तहत कनाडा को पूर्ण सदस्यता नहीं मिलेगी, बल्कि वह यूरोपीय संघ का पहला ‘एसोसिएट मेंबर’ बन सकता है।”

मॉन्ट्रियल में आयोजित दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के समापन पर जारी संयुक्त घोषणापत्र में इस प्रस्ताव का स्पष्ट जिक्र नहीं किया गया। हालांकि, दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि वर्ष 2027 में होने वाले अगले शिखर सम्मेलन तक आपसी संबंधों को और गहरा करने के लिए एक ठोस योजना तैयार की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *